- Hindi News
- National
- Tosham News Haryana News Memorandum Submitted To Sdm By Farmers Demonstrating For Compensation Of Hailstorm Affected Crops
ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों के मुआवजे के लिए किसानों ने प्रदर्शन कर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
हाल ही में क्षेत्र में हुई ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों के मुआवजे सहित विभिन्न मांगों को लेकर अखिल भारतीय किसान सभा ने उपमंडल कार्यालय पर प्रदर्शन किया। किसान सभा ने एसडीएम संदीप कुमार को ज्ञापन सौंपकर किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की। एसडीएम ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को उच्च अधिकारियों के पास भेज दिया जाएगा और हर संभव समाधान के प्रयास किए जाएंगे। सिढाण की ग्राम पंचायत भी ओलावृष्टि से हुए नुकसान के मुआवजे के लिए एसडीएम से मिली। ग्रामीणों ने भी विशेष गिरदावरी करवाकर उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की।
किसान सभा के खंड प्रधान कर्ण सिंह जैनावास, रघुवीर सिंह भेरा, देवावास के सरपंच व विभिन्न एक दर्जन गांवों से जुड़ी सामाजिक कुप्रथा निषेध अभियान कमेटी के चेयरमैन रामधारी लांबा आदि ने बताया कि ओलावृष्टि ने किसानों की कमर तोड़ दी है वहीं अनाप-शनाप बिजली के बिलों ने भी लोगों को परेशान कर दिया। बेसहारा पशुओं से भी किसान व आमजन परेशान है। किसानों ने प्रभावित फसलों की अतिशीघ्र विशेष गिरदावरी करवाए जाने की मांग की। किसानों ने प्रभावित फसलों के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन का भी मुद्दा उठाया। किसानों ने कहा कि 72 घंटे के भीतर किसान को सूचना देनी थी लेकिन छुट्टियों एवं जानकारी के अभाव किसान इससे वंचित रह गया इसका भी समाधान हो। एसडीएम संदीप कुमार ने किसानों को आश्वासन दिया कि किसानों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की हरसंभव मदद के प्रयास किए जाएंगे।