पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Tosham News Haryana News Memorandum Submitted To Sdm Regarding Damage To Crops Due To Hailstorm

ओलावृष्टि से फसलों में हुए नुकसान को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

तोशाम क्षेत्र के विभिन्न गांव में हुई ओलावृष्टि से फसलों में हुए नुकसान को लेकर क्षेत्र के अनेक किसानाें ने रविवार को एसडीएम संदीप कुमार को अपनी विभिन्न समस्याओं से अवगत करवाया तथा ज्ञापन सौंपा। एसडीएम ने किसानों की समस्याओं को उच्चाधिकारियों के पास भेजकर उचित समाधान का आश्वासन दिया। इससे पूर्व भी करीब दो दिन पहले आंदोलनरत किसानों ने जाम लगाकर धरना प्रदर्शन किया था लेकिन एसडीएम संदीप कुमार के आश्वासन के बाद जाम खोल दिया गया था।

इसी कड़ी में रविवार को भी दर्जनों किसान एकत्रित होकर ज्ञापन सौंपने के लिए उपमंडल परिसर तोशाम पहुंचे। संयुक्त किसान मजदूर मोर्चा के संयोजक दलीप सिंह सांगवान ने कहा कि सब्जी की फसल पूरी तरह से बर्बाद हो चुकी है। किसान को हुए इस नुकसान को किसान वहन करने में सक्षम नहीं है, वह तबाही के कगार पर है। किसानों ने बताया कि जो ओलावृष्टि से फसल खराब हुई है उसका तुरंत प्रभाव से स्पेशल गिरदावरी करवाई जाए। सब्जी की फसलों में ओलावृष्टि से बर्बादी की जांच के लिए बागवानी विभाग के सक्षम अधिकारियों को भेजकर नुकसान का आंकलन करवाया जाए, ओलावृष्टि से किसान को हुए नुकसान की तुरंत भरपाई की जाए। किसान को तुरंत राहत के तौर पर एक निर्धारित अग्रिम राहत राशि सरकार द्वारा उपलब्ध करवाई जाए। अन्य फसलों की तरह सब्जी की फसलों को भी बीमा में शामिल किया जाए और सरकार सुनिश्चित करे कि मुआवजा राशि पट्टे पर खेती करने वाले किसान को मिले। एसडीएम ने किसानों की मांगों को तुरंत प्रभाव से उच्च अधिकारियों के पास पहुंचा कर उचित समाधान करवाने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर रमेश कुमार, नरेंद्र, सुखबीर धोलिया, बलवीर सिंह, सत्यवान, बलजीत, नरेश व सुरेश आदि किसान मौजूद थे।

खबरें और भी हैं...