- Hindi News
- National
- Kalayat News Haryana News Minister Of State Suggested Work 20 Members Agreed Rajesh Matour As Chairman
राज्यमंत्री का सुझाव आया काम, 20 सदस्यों ने सहमति से राजेश मटौर को चुना चेयरमैन
ब्लॉक समिति कलायत में पिछले दिनों से चल रही उठापटक के बाद गुरुवार को 22 में से 20 सदस्यों ने आपसी सहमति से राजेश मटौर को चेयरमैन चुन लिया। सर्वसम्मति के पीछे सदस्यों द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग की राज्यमंत्री कमलेश ढांडा के सुझाव पर अमल करना माना जा रहा है। क्योंकि राज्यमंत्री ने समिति सदस्यों को आपसी सहमति से चेयरमैन चुनने के लिए प्रेरित किया था। चुनाव अधिकारी एसडीएम विवेक चौधरी व सहायक चुनाव अधिकारी रोजी की मौजूदगी में हुए चुनाव में कुल 22 में से 20 सदस्यों ने भाग लिया। जबकि पूर्व चेयरमैन परमवीर सिंह व महिला सदस्य पूनम बाला मीटिंग में नहीं पहुंचे। चुनाव में किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो इसके लिए थाना प्रभारी विलासा राम के नेतृत्व में महिला पुलिस कर्मियों समेत पुलिस बल मौजूद रहा।
कर्मवीर कौलेखां ने रखा प्रस्ताव, सभी सदस्यों ने किया समर्थन| चुनाव अधिकारी एसडीएम विवेक चौधरी ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया दोपहर 12 बजे शुरू की गई तथा नामांकन से पहले बीडीपीओ द्वारा सदस्यों को कार्यालय में पहुंचने के लिए मुनियादी करवाई गई थी। इस दौरान 22 ब्लॉक समिति सदस्यों में से 20 समिति सदस्य कार्यालय में मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि नामांकन जमा करवाने के लिए साढ़े 12 बजे तक का समय, आपत्ति के लिए 1 बजे तक व 1.30 बजे तक नामांकन वापस लेने तथा 2 से 3 बजे तक मतदान किया जाना तय किया हुआ था। उन्होंने बताया कि उपस्थित सदस्यों में से कर्मवीर कौलेेखां ने चेयरमैन पद के लिए राजेश मटौर का प्रस्ताव रखा, जिसका सभी मौजूद सदस्यों ने समर्थन किया। चेयरमैन बनते ही राजेश समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई तथा समर्थकों ने ढोल नगाड़ों व गुलाल के साथ एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया।
3 माह पूर्व हटाए चेयरमैन के बाद हुआ है चुनाव: रोजी
चुनाव सह अधिकारी बीडीपीओ रोजी ने बताया कि 17 दिसंबर को समिति सदस्यों ने बहुमत के आधार पर परमवीर को चेयरमैन से हटा दिया गया था। दोबारा से चेयरमैन बनाने के लिए 12 मार्च का समय रखा गया था तथा चुनाव में उपस्थित रहने के लिए सभी को नोटिस जारी कर सूचित कर दिया गया था।
इन सदस्यों ने लिया हिस्सा
ब्लाक समिति के चेयरमैन पद के चुनाव में 22 में से 20 सदस्यों जिसमें वार्ड 1 बलदेव सिंह, वार्ड 2 जयकिशन, वार्ड 3 दर्शना देवी, वार्ड 4 कर्मबीर सिंह, वार्ड 5 प्रवीन कुमार, वार्ड 6 रामचंद्र, वार्ड 8 जयपाल, वार्ड 9 रोहताश, वार्ड 11 सुरेंद्र कुमार, वार्ड 12 सुमन, वार्ड 13 आनंद प्रकाश, वार्ड 14 वर्षा देवी, वार्ड 15 मीना देवी, 16 से संजीव कुमार, वार्ड 17 सुमन देवी, वार्ड 18 बबीता, वार्ड 19 राममेहर, वार्ड 20 राजेश, वार्ड 21 दिलबाग और वार्ड 22 परमीला देवी मौजूद रहे। जबकि वार्ड 7 से पूर्व चेयरमैन परमवीर व वार्ड 10 से पूनम बाला ने चुनाव प्रक्रिया में हिस्सा नहीं लिया।
राज्यमंत्री का सहयोग नहीं मिला, इसलिए चुनाव में नहीं लिया हिस्सा: पूनम
प्रधानगी का दावा ठाेकने वाली वार्ड 10 से ब्लाॅक समिति सदस्य पूनम बाला ने कहा कि गुरुवार सुबह तक 8 सदस्य उनके पक्ष में मौजूद थे। राज्यमंत्री का सहयोग ने मिलने के कारण उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में हिस्सा नहीं लिया।
नव नियुक्त मटौर चेयरमैन ने राज्यमंत्री का जताया आभार
नवनियुक्त ब्लाॅक समिति चेयरमैन राजेश मटौर ने कहा कि महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री कमलेश ढांडा के आशीर्वाद से समिति सदस्यों ने उन्हें जो जिम्मेवारी सौंपी है वे उस पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने राज्यमंत्री कमलेश ढांडा, मंडल महामंत्री बसाऊ शर्मा व समिति सदस्यों का आभार जताते हुुए कहा कि सभी समिति सदस्य मिलकर समान रूप से विकास को गति देंगे।
अलग-अलग समय में पहुंचे ब्लाॅक समिति सदस्य
चुनाव के समय रणनीति में किसी प्रकार की कमी न हो इसके लिए पूरी सावधानी के साथ ब्लाक समिति के चेयरमैन के चुनाव में अलग-अलग समय पर बीडीपीओ कार्यालय में पहुंचे। सबसे पहले 11. 17 बजे आल्टो गाड़ी में ब्लाक समिति के उपप्रधान आनंद वर्मा के साथ 2 महिला व एक अन्य समिति सदस्य पहुंचे। उसके बाद 11.31 बजे दो स्कोर्पियो गाड़ियाें में 9 समिति सदस्य पहुंचे। उसके उपरांत करीब क्विड गाड़ी में 3 सदस्य व 11.46 बजे डिजायर गाड़ी से 4 समिति सदस्य ने एंट्री कर चुनाव प्रक्रिया में भाग लिया। चुनाव प्रक्रिया के दौरान सभी ब्लाक समिति सदस्यों के मोबाइल कार्यालय से बाहर जमा करवा दिए गए थे।
कलायत| नव नियुक्त चेयरमैन राजेश मटौर को नियुक्ति पत्र देते चुनाव अधिकारी एसडीएम विवेक चौधरी।