- Hindi News
- National
- Taraori News Haryana News Nap Meeting Canceled Due To Differences Between Head And Councilors
प्रधान और पार्षदों के मनमुटाव के चलते नपा की बैठक रद्द
नगरपालिका पार्षदों की आम बैठक नपा प्रधान और पार्षदों के आपसी मनमुटाव के बाद सप्ताह में दूसरी बार रद्द हो गई। इससे पहले पार्षदों की बैठक 11 मार्च को रखी गई थी। इसमें पार्षदों ने हिस्सा नहीं लिया तो बैठक को स्थगित करना पड़ा था। शहर के लोगों की इस बैठक पर पूरी नजर थी, क्योंकि इस बैठक में जहां 90 एकड़ जमीन पर कब्जा लेने के लिए निशानदेही के मशीन आदि की व्यवस्था के लिए प्रस्ताव पारित करना था, वहीं तरावड़ी में हाल ही में पास हुई कॉलोनियों में विकास कार्यों के प्रस्ताव भी लम्बित हैं। बैठक का बायकाॅट करने वाले पार्षदों ने नगरपालिका प्रधान पर उनके वार्डों के विकास कार्य न करवाने का आरोप लगाया और कहा कि जब तक वह उन्हें विश्वास नहीं दिलाती कि उनके वार्डों में भी पार्षदों की मर्जी से विकास कार्य करवाए जाएंंगे तब तक बैठक का होना अनिश्चित है। बैठक में जमीन पर कब्जा लेने के अलावा शहर से नए भवन निर्माण के लिए आए नक्शे पास करने, शहर में अंबेडकर भवन के लिए जमीन तलाशने के साथ विकास कार्यों की लम्बी लिस्ट थी। तरावड़ी नगरपालिका की प्रधान रेखा कबीरपंथी पूर्व विधायक भगवानदास कबीरपंथी के छोटे भाई की प|ी है और यही कारण है कि भगवानदास कबीरपंथी के चुनाव हारने के बाद पार्षदों में प्रधान के खिलाफ लगातार रोष बढ़ता गया।
पार्षद अमित लांबा ने बताया कि वह भी चाहते हैं कि शहर के विकास कार्यों में रुकावट न आए, लेकिन जिस तरह से प्रधान के खिलाफ पार्षदों में आपसी मनमुटाव है उसे बैठकर दूर करना चाहिए, ताकि मिलकर विकास कार्यों को स्वीकृति दी जा सके।
अगली बैठक नए एजेंडे के साथ रखी जाएगी
11 मार्च को बैठक को स्थगित किया गया था, लेकिन शुक्रवार को जिस तरह बैठक नहीं हो पाई बैठक को रद्द कर दिया गया है। अगली बैठक पार्षदों की सहमति के बाद व नए एजेंडे के साथ रखी जाएगी, जिसकी तारीख अभी निश्चित नहीं है।
-बलबीर सिंह रोहिल्ला, सचिव, नगरपालिका तरावड़ी।