पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Kalanwali News Haryana News Naujawan Bharat Sabha Protests To Fill Vacant Posts Of Teachers In Ascending Model School

नौजवान भारत सभा ने आरोही मॉडल स्कूल में शिक्षकों के रिक्त पद भरने की मांग को लेकर िकया प्रदर्शन

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

नौजवान भारत सभा ने आरोही मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल स्कूल जलालाआना खंड ओढां में अध्यापकों के रिक्त पदों को भरने की मांग को लेकर स्कूल के सामने रोष प्रदर्शन किया। इस दौरान नौजवान भारत सभा के सदस्यों के अलावा अभिभावक भी मौजूद थे।

आरोही मॉडल स्कूल में अध्यापकों के कुल 28 में से 21 पद रिक्त हैं। 2018 से शुरू हुई छठी से लेकर आठवीं कक्षा की पढ़ाई के लिए आवश्यक 11 अध्यापकों के पदों में से 10 रिक्त हैं तथा नौवीं कक्षा से लेकर बाहरवीं कक्षा की पढ़ाई के लिए आवश्यक 18 अध्यापकों के पदों में से 11 रिक्त है। जिसके कारण छात्रों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हुई है तथा अगले सत्र में भी पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित होने की संभावना है। रोष प्रदर्शन के दौरान नौजवान भारत सभा के नेता पावेल ने कहा कि एक तरफ हरियाणा की भाजपा सरकार मंत्रियों के लिए करोड़ों रुपए की महंगी गाडिय़ां खरीद रही है, केंद्र की भाजपा सरकार अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की यात्रा के लिए झुग्गी झोपडिय़ों काे छुपाने के लिए दीवार बनाने और अन्य चीजों पर करोड़ों रुपए खर्च कर रही है पर आम जनता के बच्चों को पढ़ाने के लिए अध्यापकों का प्रबंध नहीं कर रही। सरकारों द्वारा शिक्षा के उच्च नमूने के तौर पर प्रत्येक ब्लॉक में एक एक मॉडल स्कूल बनाया गया। पर मॉडल स्कूलों की ही ये हालत है तो अन्य सरकारी स्कूलों की क्या हालत होगी इसका अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। भाजपा सरकार ने स्कूलों की हालत को बद से बदतर बना दी है। नौजवान भारत सभा के नेता कुलविंदर ने कहा कि भाजपा सरकार शिक्षा समेत विभिन्न सरकारी संस्थानों का निजीकरण कर पूंजीपतियों को बेचने में लगी हुई है। ताकि पूंजीपति अधिक से अधिक मुनाफा कमा सकें। इस नीति के अंतर्गत भाजपा सरकार द्वारा जानबूझकर शिक्षा के सरकारी संस्थानों की हालत खस्ता की जा रही है। मौजूदा दौर में इस नीति के विरुद्ध लंबी लड़ाई लड़े जाने की जरूरत है। नौजवान भारत सभा के नेता संदीप ने अध्यापकों के रिक्त पदों को जल्दी भरने की मांग करते हुए कहा कि नौजवान भारत सभा लगातार जनसमस्याओं को लेकर संघर्ष करती आई है तथा सरकारी स्कूलों को अपग्रेड करवाने व अध्यापकों के रिक्त पदों को भरने के लिए जिलास्तर पर संघर्ष कर चुकी है। आरोही मॉडल स्कूलों में अध्यापकों के रिक्त पदों को जल्दी नहीं भरा जाता तो नौजवान भारत सभा आने वाले समय में संघर्ष और तेज करेगी। अगर मांगे जल्दी न मानी गई तो शिक्षा विभाग और खट्टर सरकार के गांव गांव में पुतले फूंके जाएंगे। आरोही मॉडल स्कूल, जलालाआना के आगे चले इस रोष प्रदर्शन में नौजवान भारत सभा के सदस्यों के समेत अभिभावक भी मौजूद थे। धरने की सूचना पाकर मौके पर कालांवाली के तहसीलदार भुवनेश कुमार व खंड शिक्षा अधिकारी ओढां हरमेल सिंह पहुंचे और उनकी समस्याओं को ध्यान से सुनते हुए उनसे मांगपत्र लिया तथा आश्वासन दिया कि आपका मांगपत्र शिक्षा विभाग की उच्चाधिकारियों तक पहुंचा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा सभी आरोही स्कूलों के स्टाफ की भर्ती की प्रक्रिया जारी है और नए सत्र में अध्यापकों की कमी पूरी हो जाएगी। इस अवसर पर गांव तख्तमल से अवतार सिंह, जंडवाला जाटान से कुलदीप सिंह, ख्योवाली से महेंद्र सिंह, खाई शेरगढ़ से नवदीप कुमार, जलालआना से दर्शन सिंह, कालांवाली से प्रकाश सिंह और सिंघपुरा से जगदीश सहित अनेक अभिभावक उपस्थित थे।

प्रदर्शन करते एवं ज्ञापन सौंपते नौजवान सभा सदस्य।
खबरें और भी हैं...