- Hindi News
- National
- Kalanwali News Haryana News Negligence During Road Construction Soil Bog Encroachment Also Have Problems
सड़क निर्माण के दौरान लापरवाही, मिट्टी से बनी दलदल, अतिक्रमण से भी दिक्कत
सीएम घोषणा के तहत नगरपालिका प्रशासन की ओर से लगभग 14 करोड़ की लागत से सड़क निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। जिसके चलते प्रशासन की ओर से अनाज मंडी के गेट नंबर एक के पास से लेकर डबवाली-रोड़ी रोड तक सड़क को उखाड़ दिया गया है। इसके अलावा प्रशासन की ओर से आमजन को सुविधा देने के लिए एक तरफ अस्थाई रास्ता छोड़कर सड़क निर्माण कार्य किया जा रहा है।
लेकिन इस एक तरफ छोड़े गए अस्थाई रास्ते पर दुकानदारों ने अपनी दुकानों से करीब 10 से लेकर 30 फुट तक अतिक्रमण कर रखा है। जिसके चलते आमजन को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं इस रोड पर रास्ता कम होने के कारण बसें भी बस स्टैंड में प्रवेश नहीं कर पा रही और यात्रियों को भी काफी मशक्कत
का सामना करना पड़ रहा है। जिसके चलते आमजन ने प्रशासनिक अधिकारियों को शिकायत देकर
भी अतिक्रमण हटवाने और उक्त रोड से दलदल को हटवाने की मांग की है।
शहरवासियों गुरविंद्र सिंह, योगेश अरोड़ा, सुभाष कुमार, बिंद्र सिंह, बंटी कुमार, सोनू कुमार ने बताया कि नगरपालिका प्रशासन की ओर से सड़क निर्माण के चलते एक तरफ वाहनों के आवागमन के लिए अस्थाई रास्ता छोड़ा हुआ है। जोकि करीब 40 फुट चौड़ा है। लेकिन पुराना थाना रोड पर दुकानदारों ने एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में अपनी अपनी दुकानों के आगे सड़क पर करीब 10 से 30 फुट आगे तक सामान रखकर कब्जा किया हुआ है। इसके अलावा इन दुकानों के आगे रेहड़ी चालकों ने फल व सब्जी की रेहडिय़ां लगा रखी है।
ऐसे में उक्त सड़क के सिकुड़ कर आधी से भी कम रहने के कारण न तो बस स्टैंड में बसें पहुंच पा रही है और न ही आमजन को आवागमन के लिए बिल्कुल भी जगह नहीं मिल पर रही है। ऐसी स्थिति में उक्त रोड पर हर समय जाम की स्थिति बनी रहती हैं। शहरवासियों ने बताया कि गत 6 सितंबर को सीएम की जन आशीर्वाद रैली के दौरान नगरपालिका प्रशासन ने इस रोड की टूटी व गहरे गड्ढ़ों वाली सड़क को ढकने के लिए रोड पर बालू रेत गिरवाकर पानी का छिड़काव करवा दिया था। लेकिन तब से लेकर अब तब इस रोड से बालू रेत दुकानदारों व आमजन के लिए आफत बनी हुई है। बिना बरसात के उड़ती धूल के कारण और बरसात के बाद दलदल का रूप धारण करने के कारण उक्त रोड पर हर रोज वाहन चालक किसी न किसी दुर्घटना का शिकार होकर घायल हो रहे है। लेकिन बावजूद इसके प्रशासन की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।
14 करोड़ सो हो रहा मुख्य सड़कों का निर्माण कार्य
सीएम घोषणा के तहत नगरपालिका प्रशासन की ओर से लगभग 14 करोड़ 11 लाख रुपये 95 हजार रुपये की लागत से निर्माण कार्य किया जा रहा हैं। नपा प्रशासन की ओर से नए थाना रोड को छोड़कर इन सड़कों पर बीच में लगभग 4 फुट डिवाइडर बनाकर दोनों तरफ लगभग 22-22 फुट आरसीसी से सड़क निर्माण के अलावा इंटरलॉकिंग टाइल सहित करीब 80 फुट सड़क का निर्माण करवाया जा रहा है। इस दौरान शहर की सबसे व्यस्त रोड रेलवे फाटक से पंजाब बस स्टैंड तक, पंजाब बस स्टैंड से लेकर नए थाना रोड होकर डबवाली रोड तक और पंजाब बस स्टैंड से लेकर पुराना थाना रोड पर सिंगला वैरायटी स्टोर तक निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। जबकि पुराना थाना रोड पर सिंगला वैरायटी स्टोर से लेकर डबवाली-रोड़ी रोड तक सड़क को उखाड़कर निर्माण कार्य जारी है।
सचिव को निर्देश दिए हंै
मैं नगरपालिका सचिव को बोलकर उक्त रोड से अतिक्रमण और कीचड़ को हटवा देता हूं। - निर्मल नागर, एसडीएम कालांवाली