- Hindi News
- National
- Yamunanagar News Haryana News No Need To Apply Mask To Healthy Person Shivani
स्वस्थ व्यक्ति को मास्क लगाने की जरूरत नहीं : शिवानी
सिविल सर्जन डॉ. विजय दहिया की अध्यक्षता में जिमखाना क्लब में वीरवार को ट्रेनिंग का आयोजन किया गया। ट्रेनिंग, सविलेंस चिकित्सा अधिकारी, विश्व स्वास्थ्य संगठन डॉ. शिवानी ने दी। उन्होंने बताया कि किसी वस्तु को छूने के बाद 40 सेकेंड के लिए हाथों को धोएं। खांसते व छींकते समय रूमाल या टिशु पेपर से नाक व मुंह को ढंकें।
चेहरे, मुंह, आंखों व नाक को कई बार छूने से बचें। कोरोना के संदिग्ध मरीज से कम से कम एक मीटर की दूरी बनाए रखें। कोरोना के संदिग्ध मरीज के सैंपल को जांच के लिए भगत फूल सिंह महिला विश्व विद्यालय, खानपुर कलां सोनीपत में भेजे जाएंगे। सिविल सर्जन डॉ. विजय दहिया ने कहा कि कोरोना की रोकथाम व बचाव के उपायों को अपनाने के लिए सरकारी अस्पतालों के साथ प्राइवेट अस्पतालों के डाॅक्टरों की भी अहम भूमिका है। कोरोना के लिए जो नई एडवायजरी आई है, उसके अनुसार सभी सरकारी व प्राइवेट अस्पतालों में कोरोना के मरीजों के लिए एक आइसोलेशन वार्ड बनाना जरूरी है। स्वस्थ व्यक्तियों को मास्क लगाने की आवश्यकता नहीं है। हेल्थ केयर वर्कर जो कोरोना के संदिग्ध मरीजों को देख रहे हैं, उनके लिए ट्रिपल लेयर मास्क उपयुक्त हैं। इसके लिए सभी को एन-95 मास्क लगाने की आवश्यकता नहीं है। खांसी, जुकाम के मरीजों के लिए अलग से कोरनर बना दिया गया है ताकि कोरोना का संदिग्ध मरीज आने पर उसे फैलने से रोका जा सके। यमुनानगर में अभी तक विदेशों से 72 यात्री आ चुके हैं। वह सभी स्वस्थ हैं। उनमें से 52 यात्रियों की 28 दिन की निगरानी पूरी हो चुकी है बाकी 20 यात्रियों की निगरानी स्वास्थ्य विभाग द्वारा की जा रही है। कोरोना की रोकथाम के लिए सभी विभागों को मिलकर कार्य करने की आवश्यकता है।
यमुनानगर |डॉक्टरों को संबोधित करते सिविल सर्जन डॉ. विजय दहिया।