- Hindi News
- National
- Kaithal News Haryana News Not More Than 21 Wedding Processions Will Go To Boy39s Wedding Dj Also Banned
लड़के की शादी में 21 से ज्यादा बाराती नहीं जाएंगे, डीजे पर भी पाबंदी
धनी लोगों की देखादेखी आम व्यक्ति के जीवन पर बढ़ते खर्च के बोझ को देखते हुए गांव क्योड़क के ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से छह फैसले किए। गांव के गणमान्य व्यक्तियों की हाजिरी में हुए सभी फैसले एक अप्रैल से लागू हो जाएंगे। सरपंच बलकार आर्य ने बताया कि सबसे पहले लड़कों की शादियों में बजने वाले डीजे पर प्रतिबंध लगाया गया है। अब किसी भी लड़के की शादी में डीजे नहीं बजेगा। लड़का व लड़की दोनों पक्षों पर बढ़ते बारातियों के खर्च को देखते हुए अधिकतम 21 बाराती ही ले जाने पर सहमति बनी। इसी तरह सड़क दुर्घटना और बढ़ते खर्च को देखते हुए रिश्तेदारियों में शादी का निमंत्रण सोशल मीडिया या फोन के जरिए दिया जाएगा। तेजी से बढ़ रहे मृ़त्यु भोज पर पूर्ण पाबंदी रहेगी। शादी विवाह व बच्चे के जन्म पर किन्नरों को अधिकतम 1100 रुपए ही दिए जाने का फैसला किया गया। गांव में चिट्ठी या सगाई में पूरी की जाने वाली टीके की रस्म पर भी रोक लगाई गई है। इससे पहले गांव में जरूरी साजो-सामान को छोड़कर दहेज लेने और देने पर पहले से ही पाबंदी है।
बैठक में ये गणमान्य लोग रहे मौजूद| बैठक में भाजपा नेता व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राव सुरेंद्र, गुज्जर धर्मशाला कुरुक्षेत्र के प्रधान भाई नरेश आर्य, सरपंच बलकार आर्य, रणबीर सिंह, कालाराम, बलदेव, पंच नरेश, सुरेश कुमार, पूर्व चेयरमैन जसबीर सिंह, सेठपाल सिंह, मनीराम सूबेदार, रकम सिंह मैनेजर, रणबीर सिंह पूर्व सरपंच, ब्लॉक समिति सदस्य ईश्वर सिंह व हुसैन सिंह, मास्टर हरपाल आर्य व जिले सिंह प्रजापत मौजूद रहे।
फैसलों को लागू करवाने के लिए गठित होगी कमेटी
फैसलों पर चिंतन मनन के लिए 45 दिनों बाद दोबारा बैठक बुलाई गई है। इसी बैठक में एक कमेटी का गठन भी किया जाएगा। भविष्य में यही कमेटी फैसलों को लागू करवाने को लेकर निर्णय लेगी। फैसले न मानने वालों पर सामाजिक तौर पर किस तरह के दंड का प्रावधान किया जाएगा यह भी कमेटी का ही फैसला होगा। कुछ मुद्दों पर सहमति नहीं बन पाई। आगामी बैठक में इन पर सहमति बनाने के प्रयास किए जाएंगे।
लड़की की शादी में डीजे का फैसला बारातियों का
गांव में लड़कों की शादी में डीजे पर प्रतिबंध लगाया गया है, लेकिन लड़की की शादी में आने वाली बारात में डीजे बजाने या न बजाने का फैसला बारातियों के हाथ में होगा। ऐसा इसलिए भी किया गया है, क्योंकि कई बार डीजे की शर्त रखने पर रिश्ते ही टूट जाते हैं हालांकि लड़के वाले प्रयास करेंगे कि लड़की वाले डीजे नहीं लाने की बात पर सहमत हो जाएं।
कैथल| क्योड़क में ग्रामीणों द्वारा लिए फैसले की जानकारी देते गणमान्य लोग।