- Hindi News
- National
- Sirsa News Haryana News Notice Issued To Bdpo Dabwali In Case Of Laying Of Pipeline
पाइप लाइन बिछाने के मामले में बीडीपीओ डबवाली को नोटिस जारी
सिरसा| गांव सुखेराखेड़ा के सामाजिक कार्यकर्ता विकल मेहता की ओर से सीएम विंडो पर दर्ज करवाई गई शिकायत पर अमल न करने पर जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी (डीडीपीओ) द्वारा डबवाली के खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी को नोटिस किया गया है। मामले के लिए 18मार्च का दिन मुकर्रर किया गया है। विकल मेहता की ओर से आरोप लगाया गया कि पाइप लाइन बिछाने के कार्य में घपलेबाजी की गई थी, बीडीपीओ डबवाली ने मामले की जांच करने की बजाए शिकायत पर ही कुंडली मार ली। इस आशय की शिकायत भी सीएम विंडो पर दाखिल की गई थी।
सामाजिक कार्यकर्ता विकल मेहता ने आरटीआई से हासिल दस्तावेजों के आधार पर गांव के सरपंच पर पाइप लाइन बिछाने के कार्य में धांधली करने की शिकायत की। शिकायतकर्ता ने सीएम विंडो पर दर्ज करवाई अपनी शिकायत में बताया कि गांव के जोहड़ से सेमनाला तक पाईप लाइन बिछाने का कार्य किया गया। जिसके लिए पाइप लाइन की खरीद, मजदूरी और ट्रेक्टर कार्य को बढ़ाचढ़ा कर दर्शाया गया और हजारों रुपये का घपला किया। शिकायत में बताया कि पाईप की खरीद डबवाली स्थित मैसर्ज लक्ष्मी पाईप स्टोर से 520 रुपये प्रति मीटर की दर से 858 मीटर आठ इंची पाईप लाइन की खरीद दर्शायी गई है। जबकि बाजार में इसी मार्का की 8 इंच की 20 फुट लंबी पाईप की कीमत महज 2500 रुपये है। इस प्रकार पाईप की खरीद में ही 98 हजार अधिक खर्च दर्शाये गए है।
इसी प्रकार शिकायत में पाईप को कम गहरा दबाए जाने, मजदूरों को अदा किए गए एक लाख दस हजार रुपये की मजदूरी को भी अत्याधिक बताया गया है। पाईप लाइन बिछाने के कार्य के लिए ट्रेक्टर के उपयोग और उसके एवज में अदा की गई राशि को लेकर भी सवाल उठाए गए है। मामला डीडीपीओ के पास पहुंचने के बाद दोनों पक्षों को सुनवाई के लिए 18 मार्च को 11 बजे सुना जाएगा।