- Hindi News
- National
- Jui News Haryana News Now First Aid Training Will Also Be Provided At Rict Computer Centers
अब आरआईसीटी कंप्यूटर सेंटरों पर भी मिलेगी फर्स्ट एड ट्रेनिंग
डीसी अजय कुमार ने रेडक्रास सोसायटी को निर्देश दिया है कि परिचालक लाइसेंस के लिए जरूरी फर्स्ट एड होम नर्सिंग की ट्रेनिंग अब उपमंडल, खंड सहित बड़े गांव स्तर पर दी जाए ताकि ग्रामीणों को होने वाली परेशानियों को कम किया जा सके। इसी प्रकार से चालक लाइसेंस के लिए एक दिन की ट्रेनिंग एक ही छत के नीचे उपलब्ध करवाई जाए।
यह जानकारी देते हुए रेडक्रॉस सचिव श्याम सुंदर शर्मा ने बताया कि जुई भिवानी-लोहारू के बीच बड़ा गांव है और इसके साथ लगते पांच दर्जन से अधिक गांवों के लोगों को इस कार्य के लिए भिवानी के चक्कर न लगाने पड़े उन्हें यह सुविधा जुई स्थित आरआईसीटी कंप्यूटर सेंटर पर उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने बताया कि इस सेंटर पर प्रथम चरण में सप्ताह में एक दिन ड्राइविंग लाइसेंस के लिए बेसिक फर्स्ट एड ट्रेनिंग, कंडक्टर के लिए 16 घंटे की फर्स्ट एड होम नर्सिंग की ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके अलावा यह सुविधा बहल, तोशाम, लोहारू, सिवानी, सहित खंड स्तर पर उपलब्ध करवा दी गई है। इन सेंटरों से जारी किया गया प्रमाणपत्र पूरे जिले के लिए मान्य होगा।
उन्होंने बताया कि इन्ही सेंटरों पर दिव्यांग लोगों का रजिस्ट्रेशन भी होगा जिसके लिए दिव्यांगजन आरआईसीटी सेंटर से ही तिपहिया साइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी आदि उपकरण प्राप्त कर सकते हैं। आरआईसीटी सेंटर जुई के संचालक अनिल कुमार ने बताया कि डीसी और रेडक्रास सचिव की दिशा निर्देश अनुसार सभी सुविधाएं जुई सेंटर पर शुरू कर दी गई हैैं।