पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Bawal News Haryana News Now You Will Get Relief Eventually The Highway Authority Started Repairing Bawal Road

अब मिलेगी राहत; आखिरकार हाईवे प्राधिकरण ने शुरू किया बावल रोड की मरम्मत का काम

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-11 का हिस्सा बनने के बाद भी बावल रोड की बदहाली को लेकर दैनिक भास्कर की तरफ विभागों की गंभीरता पर उठाए गए सवालों के बाद आखिरकार प्राधिकरण ने शनिवार से सड़क की मरम्मत का काम शुरू कर दिया है। बारिश के बाद पूरी तरह से बदहाल हुई सड़क की हालत मरम्मत होने के बाद अब कुछ सुधरी है।

शहर के बस स्टैंड से आईओसी चौक तक बावल रोड का करीब 3 किलोमीटर का हिस्सा पहले लोक निर्माण विभाग के पास था लेकिन लगभग 3 माह पहले इस हिस्से का पीडब्ल्यूडी ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को हस्तांतरित कर दिया। सड़क के इस हिस्से को अब रेवाड़ी-जैसलमेर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-11 के अधीन कर दिया गया है जिसके बाद से अब प्राधिकरण की ओर से ही इसकी मरम्मत व नवीनीकरण का काम किया जाना है। प्राधिकरण को हस्तांतरित करने से ठीक पहले पीडब्लयूडी की तरफ से इस सड़क के नए सिरे से निर्माण के लिए साढ़े 6 करोड़ रुपए का एस्टीमेट बनाकर प्राधिकरण को भेजा गया लेकिन प्राधिकरण ने उस पर कोई जवाब नहीं दिया। इतना ही नहीं प्राधिकरण की तरफ से पीडब्लयूडी को मरम्मत करने के लिए कहा जा रहा था लेकिन पीडब्लयूडी मरम्मत की बजाय साढ़े 6 करोड़ रुपए के एस्टीमेट पर काम कराने की मांग पर अड़ा रहा। अब फरवरी माह के अंत में हुई बारिश के बाद शहर की इस दूसरी लाइफ लाइन की हालत बेहद खराब गई थी। आलम यह था कि पूरे सड़क मार्ग में इतने अधिक गड्ढ़े हो गए कि यह 3 किमी का सफर तय करने में ही 10 से 15 मिनट का समय लगने लगा।

दो विभागों के बीच चलती रही खींचतान, बैठक के बाद निकला समाधान : बस स्टैंड से यह सड़क मार्ग जिला सचिवालय के साथ जयपुर को रेवाड़ी शहर से जोड़ता है। इस प्रमुख सड़क मार्ग की हालत को सुधारने की बजाय दोनों ही विभाग आपसी खींचतान में लगे हुए थे जिसके बाद प्रशासन की तरफ से सख्त रवैया अपनाते हुए सभी विभागों के अधिकारियों को बुलाया गया था। शुक्रवार को एसडीएम रविंद्र यादव ने प्राधिकरण के प्रोजेक्ट डायरेक्टर के अलावा पीडब्ल्यूडी और नगर परिषद अधिकारियों के साथ मीटिंग करते हुए तुरंत प्रभाव से बावल रोड की हालत को सुधारने का निर्देश दिये। साथ ही प्राधिकरण के अलावा जो सड़कें पीडब्ल्यूडी व नप के अधिकार क्षेत्र में आती हैं, उनकी भी मरम्मत किए जाने के निर्देश दिए। इसके बाद प्राधिकरण की तरफ से दोपहर बाद बस स्टैंड से बावल रोड की मरम्मत का काम प्रारंभ कर दिया गया। फिलहाल सड़क की लेवलिंग करके वहां पर मलबा डाला गया है और बाद में कॉरपेटिंग की जाएगी।

रेवाड़ी में एनएचएआई की ओर से बावल मार्ग की सड़क पर मलबा डालकर लेवलिंग करते हुए जेसीबी।
खबरें और भी हैं...