जागरूकता रैली के साथ एनएसएस शिविर का समापन
झज्जर | झज्जर महाराजा अग्रसेन पीजी महिला कॉलेज में चल रहे एनएसएस के सात दिवसीय शिविर का समापन रविवार को हो गया। इस मौके पर स्वयंसेविकाओं ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्रातः कालीन सत्र में हार्टफुल नेस इंस्टीट्यूट से रामेश्वर दहिया ने स्वयंसेविकाओं को तनाव से दूर रहने के लिए ध्यान करना सिखाया। उन्होंने बताया कि आज के तनावपूर्ण माहौल में ध्यान कर हम मानसिक बीमारियों से दूर रह सकते हैं। शिविर के सायंकालीन सत्र में छात्राओं ने कॉलेज की ओर से गोद लिए गए गांव बाजिदपुर में स्वच्छ होली व प्लास्टिक हटाओ-देश बचाओ को लेकर जागरूकता रैली निकाली। इससे छात्राओं ने ग्राम वासियों को पानी के महत्व से अवगत कराया। नेतृत्व एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी नीलम गर्ग ने किया।