गृह विज्ञान की परीक्षा में एक को नकल करते पकड़ा
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड 12वीं की शनिवार को गृह विज्ञान की परीक्षा थी। इस परीक्षा में उचाना में सेंटर सुपरिटेंडेंट ने एक छात्र को नकल करते हुए पकड़ा है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड जिला जींद के सचिव रमेश कुमार वर्मा ने बताया कि शनिवार को 12वीं की गृह विज्ञान की परीक्षा थी। इस परीक्षा में जिलेभर में सिर्फ 1 केस बनाया गया है। उन्होंने बताया कि यह केस उचाना परीक्षा केंद्र नंबर-2 एसएसएम एसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बनाया गया है। सचिव ने बताया कि यह केस सेंटर सुपरिंटेंडेंट की फ्लाइंग द्वारा बनाया गया है।
3 युवकों के खिलाफ केस दर्ज : शुक्रवार को हुई 12वीं कक्षा की शारीरिक शिक्षा विषय की परीक्षा में 3 युवक दूसरों की जगह बैठे थे। जिस पर ड्यूटी कर्मचारियों ने दोनों को पकड़ लिया और सुपरिंटेंडेंट की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने तीनों युवकों को नामजद करते हुए उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया। सुपरिंटेंडेंट सुरेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 13 मार्च को 12वीं कक्षा के शारीरिक शिक्षा विषय की परीक्षा थी। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जींद में परीक्षा चल रही थी। इस दौरान घोघड़िया गांव का प्रिंस दूसरे की जगह परीक्षा देते पाया गया। इसके अलावा कोथ कलां गांव का मुनीष भी दूसरे की जगह परीक्षा देते समय पकड़ा गया। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर दीपक कुमार ने बताया कि पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। सुपरिंटेंडेंट राजसिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 13 मार्च को 12वीं कक्षा के शारीरिक शिक्षा विषय की परीक्षा चल रही थी। राजकीय सीसे स्कूल में एक युवक रोल नंबर पर अपनी फोटो लगाकर दूसरे की जगह पर बैठा हुआ है। मौके पर जाकर देखा तो युवक फर्जी मिला और पूछताछ में उसने अपना नाम बुआना गांव निवासी जयदीप बताया। वह छात्र अनिल की जगह परीक्षा दे रहा था। जांच अधिकारी एचसी वजीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने दोनों को नामजद करते हुए उनके खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।