हाउस होल्ड सर्वे का काम 20 मार्च तक करने के आदेश
जल जीवन मिशन को निर्धारित समय में पूरा करने के लिए सर्व प्रथम हाऊस होल्ड सर्वे को पूरा करना जरूरी है। इसके लिए 20 मार्च सभी के लिए निर्धारित समय है। यह बात जन स्वास्थ्य अभियंत्रकी विभाग के अधीक्षक अभियन्ता जगबीर सिंह मलिक ने कार्यालय में अधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि हाऊस होल्ड सर्वे में केवल आधार कार्ड को व्यक्तिगत पहचान के लिए प्रयोग करें। इसके लिए विभिन्न सर्वे टीम के साथ गांव में जाकर ग्रामीणों को जागरूक करें। उन्होंने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि जल जीवन मिशन को सफल बनाने के लिए सर्वे कार्य खत्म कर 31 मार्च से पहले जिले के सभी 250 गांव के एस्टीमेट तैयार किए जाने हैं ताकि सभी गांव में “हर घर नल से जल” के लक्ष्य को निर्धारित समय वर्ष 2022 तक हासिल किया जाना है। जल शक्ति मंत्रालय के पोर्टल पर नए पेयजल कनेक्शन जल्द से जल्द अपलोड करें ताकि निर्धारित लक्ष्य को समय रहते हासिल किया जा सके। वहीं कार्यकारी अभियन्ता संजीव दुहन ने बताया स्वच्छ भारत मिशन द्वारा उपलब्ध कराई गई सूची के नामों की पहचान प्राथमिकता पर करें। इस अवसर पर नॉडल ऑफिसर प्रदीप कुमार ने हाउस होल्ड सर्वे सहित कई विषयों पर अपने विचार सांझा किए। इसके लिए उन्होंने विभिन्न गांव में मौजूद आरएमई स्टॉफ से विशेष सहयोग की अपील की। उन्होंने बैठक के दौरान बताया कि आज तक 98 प्रतिशत सर्वे कार्य पूर्ण हो चुका है जिसमें 135 गांव में सर्वे कार्य पूर्ण कर क्लोज कर दिया गया है वहीं 67 गांव में सर्वे कार्य 100 प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया। वहीं 13 गांव में 90 प्रतिशत से अधिक कर लिया गया है। 12 गांव में 80 प्रतिशत से अधिक सर्वे पूर्ण किया जा चुका है। 7 गांव में 70 प्रतिशत सर्वे कार्य पूर्ण कर लिया गया है। बाकी सभी गांव में सर्वे कार्य 1 से लेकर 50 प्रतिशत के बीच है। इस अवसर पर कार्यकारी अभियंता धर्मबीर घनघस ने भी अपने विचार रखे। वहीं इस मौके पर जानकारी देते हुए जिला सलाहकार श्याम अहलावत ने बताया कि जिले भर के विभिन्न गांव में सर्वे कार्य में करीब 190 सक्षम युवा कार्य रहे हैं वहीं कार्य में तेजी लाने के लिए इस माह रोजगार कार्यालय से 500 सक्षम युवाओं की डिमांड की गयी थी इसकी एवज में आज तक करीब 236 सक्षम युवाओं ने विभाग में रिपोर्टिंग की है जिनमें से सभी को विभिन्न गांव में तैनात कर दिया गया है जिसकी सूची सम्बन्धित बीआरसी व जेई को दे दी गयी है। इस अवसर पर उपमंडल अभियन्ता सुरजीत सिंह मलिक, नवीन गोयत, अनिल रुहिल, अनिल रोहिला मौजूद रहे।
हाउस होल्ड सर्वे को लेकर मीटिंग लेते अभियन्ता जगबीर सिंह मलिक।