- Hindi News
- National
- Nising News Haryana News Overload Vehicles Encroachments And Vehicles Standing On Both Sides Jammed In Main Market
मेन बाजार में ओवरलोड वाहन, अतिक्रमण और दोनों साइड खड़े वाहनों से लग रहा जाम
निसिंग के मेन बाजार में पार्किंग सुविधा के अभाव अाैर सड़क के दोनों साइड वाहनों के खड़े होने, ओवरलोडेड वाहनों व दुकानदारों के द्वारा सड़क पर किए गए अतिक्रमण के कारण लगभग हर रोज जाम की स्थिति बन रही है। इस समस्या को दूर करने के लिए कई बार थाना प्रभारी रामफल व शहर के सभी पार्षद मेन बाजार में अतिक्रमण फैला रहे फेरी वालों व रेहड़ी वालों को हटवा चुके हैं, लेकिन बाजार में पार्किंग की सुविधा न होने के कारण बाजार में खरीदारी के लिए आए लोग वाहनों को सड़क किनारे खड़े करने को मजबूर बने हुए हैं। जिस कारण दिन में कई बार जाम की स्थिति बन रही है। इससे राहगीरों व आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राहगीरों में धर्मबीर गुनियाणा, अनिल राणा गोंदर, शमशेर उर्फ सचिन, राजू, सुभाष गोंदर सहित अन्य का कहना है कि मेन बाजार में सड़क के दोनों तरफ दुकानों के आगे नाजायज पार्किंग के कारण सड़क बिल्कुल संकरी पड़ जाती है। जिससे बाजार में जाम लग जाता है। उनका यह भी कहना है कि सड़क पर ट्रक व बड़े ओवरलोडेड वाहन अधिक मात्रा में गुजर रहे हैं। जिसकी ओर संबधित विभाग कोई ध्यान नहीं दे रहा है। इससे बाजार से गुजरना मुश्किल भरा बना हुआ है। सुखदेव सिरसल, बब्लू दुध्याण, अमित, नरेश चौधरी सांच, मुकेश मेहला सहित अन्य ने नपा प्रशासन से मांग की है कि शहर के मेन बाजार में आए खरीदारों के वाहन खड़ा करने के लिए एक स्थाई पार्किंग स्थान को सुनिश्चित किया जाए। जिससे दुकानदारों, राहगीरों व वाहन चालकों को परेशानी नहीं उठानी पड़े।
निसिंग. मेन बाजार में पार्किंग के अभाव के कारण सड़क के दोनों साइड खडे वाहनों के चलते लगा जाम।