पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Kalayat News Haryana News People Expressed Anger Over The Sewerage Problem By Playing Drums In Front Of The Public Health Office Along With The Council Chairpersons Councilors

सीवरेज समस्या को लेकर लोगों ने पालिका चेयरपर्सन, पार्षदों के साथ पब्लिक हेल्थ कार्यालय के सामने ढोल बजाकर जताया रोष

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

नगर के अधिकांश इलाके में ठप सीवरेज व्यवस्था को ठीक करवाने के लिए नगर के लोगों ने अजीब तरीके से विरोध प्रकट करते हुए प्रदर्शन किया। पालिका चेयरपर्सन रजनी राणा की अगुवाई में नगर के कई पार्षद, नंबरदार व नगर के अनेक लोग पालिका कार्यालय से ढोल बजाकर प्रदर्शन करते हुए जन स्वास्थ्य विभाग कार्यालय पहुंचे। यहां पर पहले ढोल के साथ नारेबाजी भी की फिर विभाग के जेई के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन में शामिल चेयरपर्सन रजनी राणा, वाइस चेयरपर्सन मीनाक्षी जेष्ठ, पार्षद पूजा धीमान, पार्षद सुमन बंसल, पार्षद नीरज चौहान, पार्षद निशु सिंगला, पार्षद सतीश धीमान, पार्षद राजीव राजपूत, सलिंद्र प्रताप राणा, पार्षद रणवीर सिंह, धर्मपाल धीमान, नंबरदार संजय सिंगला, नंबरदार राधेश्याम भट्ट, रवींद्र सूर्यवंशी, धर्मपाल धीमान आदि ने कहा कि नगर के करीब सभी वार्डों में सीवरेज व्यवस्था लंबे समय से ठप पड़ी है। गंदा पानी लोगों के घर व गलियों में बह रहा है। बदहाल सीवरेज व्यवस्था के कारण कई घरों में दरारें तक आ गई हैं। समस्या के समाधान के लिए कई बार जन स्वास्थ्य विभाग को अवगत करवाने के बाद भी कोई समाधान नहीं हुआ। सीवर ओवरफ्लो होने से दूषित पानी गलियों में जमा रहता है वहीं कई घरों में बने शौचालय भी बंद हो गए हैं। ऐसे में महिलाओं को खुले में शौच जाना पड़ रहा है। उनका कहना है कि लंबे समय से बनी समस्या को लेकर वे कई बार जनस्वास्थ्य विभाग कार्यालय में भी शिकायत कर चुके हैं। लेकिन अभी तक कोई अधिकारी या कर्मचारी मौका तक देखने नहीं पहुंच रहे।

गोबर व कूड़े काे बहा देने से सीवरेज हाे जाते हैं बंद: जेई

जन स्वास्थ्य विभाग के जेई अजय ढुल ने कहा कि कुलवंत नगर से गुजरने वाली मुख्य सीवरेज पाइप लाइन जो वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तक जाती है उस पाइप लाइन के धंसने के कारण वैकल्पिक व्यवस्था के बावजूद बरसात होने पर परेशानी आ रही है। ट्रंचलेस विधि से आधे एरिया में पाइप लाइन बिछाई जा चुकी है जबकि आधे का एस्टीमेट बनाकर उच्च अधिकारियों को प्रेषित किया जा चुका है। सीवरेज व्यवस्था के खराब होने की सूचना मिलते ही तुरंत कर्मचारियों को ठीक करने के लिए भेज दिया जाता है। उन्होंने कई गलियों में स्थानीय लोगों द्वारा पशु पालकों द्वारा गोबर व घरों के कबाड़ बहा दिया जाता है जिसके कारण बरसात होने पर कबाड़ फंसने के कारण सीवरेज बंद होकर ओवरफ्लो हो जाते हैं। सीवरेज खोलने के लिए कलायत में उनके विभाग के पास जेटिंग मशीन नहीं है तथा उन्हें जेटिंग मशीन गुहला से मंगवानी पड़ती है।

कलायत| ढोल बजाकर प्रदर्शन करते नगर निवासी।
खबरें और भी हैं...