- Hindi News
- National
- Gohana News Haryana News Procession Carried Out Demanding Equal Pay And Equal Protection
समान काम-समान वेतन व सुरक्षा की मांग को लेकर निकाला जुलूस
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विभिन्न सामाजिक संगठनों ने शहर में जुलूस निकाला। संगठन की सदस्यों से सरकार से महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को दुरूस्थ करने और समाज काम समान वेतन व्यवस्था लागू करने की मांग की। जुलूस का नेतृत्व समता मूलक महिला संगठन की अध्यक्ष डॉ. सुनीता त्यागी ने किया।
उन्होंने कहा कि आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महिला दिवस मनाया जाता है। वर्ष 1908 में न्यूयार्क में सूई उद्योग की महिलाओं ने वोट डालने और यूनियन बनाने का अधिकार प्राप्त करने के लिए प्रदर्शन किया था। वर्ष 1911 में इस दिन को महिलाओं की समानता के लिए संघर्ष के प्रतिक के रूप में मनाया जाने लगा। महिलाएं इस दिन समाज में व्याप्त लिंगभेद, पुरूष प्रधानता के चलते हो रहे अत्याचार, शोषण के खिलाफ आंदोलन करने के लिए कमर कसती हैं। यह दिन महिलाओं के लिए सबसे महत्वपूर्ण दिन होता है। उन्होंने कहा कि संविधान में महिलाओं को पुरुषों के समान अधिकार प्राप्त हैं। इसके बावजूद भी उनकी अनदेखी हो रही है। महिलाओं पर अत्याचार दिन प्रतिदिन बढ़ रहे हैं। विभागों में उन्हें पुरूष कर्मचारियों के समान वेतन नहीं मिलता है। इस अवसर पर डॉ. सीडी शर्मा, नरेश खंडेलवाल, सुरेश यादव, लक्ष्मी, संतोष आदि उपस्थित थे।
निबंध में रूबल प्रथम
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर राजकीय कन्या स्कूल, गोहाना में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। निबंध लेखन में रूबल ने प्रथम, मीनाक्षी ने द्वितीय, मोनिका ने तृतीय, काव्य पाठ में रमा शर्मा ने प्रथम, मिताली ने द्वितीय, भावना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में विजेता रही छात्राओं को प्राचार्य सुरेश नरवाल ने सम्मानित किया। उन्होंने छात्राओं को महिला दिवस का महत्व समझाया। उन्होंने छात्राओं को अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ने के लिए सदैव तत्पर रहने का संदेश दिया।
गोहाना. वाल्मिकी चौक पर जुलूस निकालती महिलाएं।