- Hindi News
- National
- Sonipat News Haryana News Pwd Fined 10 Of Total Budget On Contractor Minister Asks For Facilitation Center Report
पीडब्ल्यूडी ने ठेकेदार पर लगाया कुल बजट का 10% जुर्माना, मंत्री ने मांगी फेसिलिटेशन सेंटर की रिपाेर्ट
खिलाड़ियों के पास समय पर खेल सुविधाएं पहुंचनी चाहिए। काम में निरंतर जारी लेट लतीफी बर्दाश्त नहीं की जा सकती। सुभाष स्टेडियम में फेसिलिटेशन सेंटर का काम में तेजी आए और एक माह में इसकी प्रोग्रेस रिपोर्ट दी जाए। प्रदेश के खेल मंत्री संदीप सिंह ने यह कड़ी फटकार फेसिलिटेशन सेंटर के काम में निरंतर बरती जा रही ढिलाई पर लगाई है। क्योंकि 2017 में आवंटित कार्य तीन साल बाद भी पूरा नहीं हो सका है। जिसके कारण स्टेडियम में अन्य खेल व्यवस्थाएं भी लगातार प्रभावित हो रही है। खेल विभाग की ओर से इस बाबत एक करोड़ 80 लाख रुपए की राशि आवंटित कर चुका है।
योगेश्वर दत्त ने भी जताई है नाराजगी : सुभाष स्टेडियम के मौजूदा हालात को लेकर ओलंपिक पदक विजेता पदम श्री से सम्मानित योगेश्वर दत्त ने भी काफी चिंता जताई है। योगेश्वर दत्त ने कहा है कि फेसिलिटीसेंटर का कार्य 2017 में शुरू हुआ था,लेकिन अब तक पूरा ही नहीं हुआ। उनका कहना है कि बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने से खिलाड़ियों का हौसला बढ़ता है।
ठेकेदार को नोटिस दिए, 10% का जुर्माना भी लगाया
विभाग प्रोजेक्ट को लेकर काफी संजिदा है, लेकिन समस्या ठेकेदार की ओर से आ रही है। उन्हें कई नोटिस भी दिए है तथा अब दस प्रतिशत का जुर्माना भी लगाया है। उन्हें कड़ी हिदायत दी है कि वे काम को जल्द से जल्द पूरा करें। -राजेश गुप्ता, एसडीओ, पीडब्ल्यूडी बीएंडडार।
2015 में बनी थी योजना, 2017 में शुरू हुआ था काम
फेसिलिटेशन सेंटर के निर्माण को लेकर यह प्लानिंग 2015 में बनी तथा 2017 में ट्रिपल स्टोरी फेसिलिटेशन सेंटर को लेकर काम शुरू हुआ। उसके बाद कभी पीडब्ल्यूडी के अधिकारी बदलने तो कभी ठेकेदार की मनमानी के चलते काम अटकता रहा।
कुछ ऐसा बनना है यह सेंटर
इस सेंटर में केयर टेकर, तकनीकी रूम, खेल विभाग का कार्यालय, पुरुष खिलाड़ियों के कोच के लिए रूम, स्टाफ रूम, स्पोटर्स नॉलेज सेंटर, स्टेनो रूम तथा महिला खिलाड़ियों के कोच के लिए रूम होगा। इसके अतिरिक्त ग्राउंड फ्लोर पर प्रेक्टिस हाल होगा। यहां कुश्ती जूडो खिलाड़ी अभ्यास कर सकेंगे। खिलाड़ियों के लिए सामान रखने के लिए लॉकर की सुविधा भी दी जाएगी।
फुटबाॅल ग्राउंड भी खत्म
फेसिलिटेशन सेंटर के काम में ढिलाई के चलते सुभाष स्टेडियम का मुख्य केन्द्र फुटबाल ग्राउंड भी खत्म हो गया। जिस कारण से खिलाड़ियों का अभ्यास भी प्रभावित हो रहा है, मैदान की हालत ऐसी है कि अब यहां गोल पोस्ट की जगह तक नहीं बची है, यह गजब है कि सोनीपत में फुटबाल का मैदान ही नहीं रहा है।
सोनीपत. अधर में लटका फेसिलिटेशन सेंटर का निर्माण कार्य।