- Hindi News
- National
- Dhand News Haryana News Pwd Left The Road Midway Shopkeepers Shouted Slogans
पीडब्ल्यूडी ने बीच में ही छोड़ दी सड़क, दुकानदारों ने नारेबाजी कर रोष जताया
स्थानीय बस स्टैंड के बाहर मुख्य मार्ग पर पीडब्ल्यूडी ने सड़क का निर्माण अधर में ही छोड़ा हुआ है जिससे वाहनचालक व स्थानीय लोग परेशान हो रहे हैं। शुक्रवार को विरोध में गुस्साए दुकानदारों व वाहन चालकों ने नारेबाजी कर रोष जताया। दुकानदारों का आरोप है कि तमाम शिकायतों के बाद भी संबंधित विभाग इस जर्जर अवस्था में पड़े सड़क के टुकड़े की कोई सुध नहीं ले रहा है। इससे उनमें रोष है।
रामपाल, सतीश कुमार, राजू व सोनू आदि दुकानदारों ने बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा कस्बे में कई माह से जर्जर पड़ी सड़क का निर्माण करवाया गया था, लेकिन बस स्टैंड से थोड़ी पहले कुछ दूरी पर सड़क के बीच टुकड़े को अधर में ही छोड़ दिया गया था। यहां पर सड़क के बीचोबीच गहरे गड्ढे बने हुए हैं और प्रतिदिन कोई न कोई वाहन चालक इनमें गिरकर चोटग्रस्त हो रहा है और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं। दुकानदार रोजाना सड़क पर बने गड्ढे में मिट्टी व रोड़े डालकर उसे बंद करने में लगे रहते हैं और चंद दिनों बाद समस्या जस की तस बन जाती है। सड़क पर बने गड्ढों से उड़ने वाली मिट्टी व भारी वाहनों के टायरों के नीचे आने वाली बजरी उछलकर राहगीरों व दुकानदारों की परेशानी बनी है। दुकानदारों ने संबंधित विभाग से अधर में पड़ी सड़क का जल्द निर्माण करवाने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे सड़क
पर बैठ जाएंगे।