- Hindi News
- National
- Radaur News Haryana News Radaur Jathalana Road Becomes Bad Demand For Renovation
रादौर-जठलाना सड़क मार्ग हुआ बदहाल, नवीनीकरण की मांग
एरिया में खनन जोन खुलने के बाद से ही रादौर-जठलाना सड़क मार्ग पर भी वाहनों का दबाव काफी बढ़ा हुआ है। खनन सामग्री से लोड अधिकतर वाहन इसी सड़क मार्ग से होकर निकलते हैं, जिस कारण यह मार्ग काफी क्षतिग्रस्त हो चुका है। वाहनों के बढ़ते दबाव व खस्ताहाल होने के चलते कुछ समय पहले पीडब्ल्यूडी की ओर से मार्ग पर पैच वर्क भी कराया गया, लेकिन पैच वर्क खनन सामग्री से भरे वाहनों के दबाव को सहन नहीं कर पाया और टूटकर बिखर गया। करीब डेढ़ वर्ष पहले सीएम ने दामला में आयोजित रैली में सड़क मार्ग के नवीनीकरण की घोषणा भी की थी, लेकिन कार्य घोषणा से आगे नहीं बढ़ पाया। विभाग सड़क पर पड़े गहरे गड्ढों को ईंटों की मदद से मजबूती देने का प्रयास कर रहा है। क्षेत्रवासियों ने सरकार व विभाग के उच्चाधिकारियों से जल्द से जल्द सड़क मार्ग के नवीनीकरण की मांग की है।
नवीनीकरण की योजना... 7 मीटर चौड़ी होगी सड़क
सड़क के नवीनीकरण के साथ इसे चौड़ा भी किया जाना है। इस समय सड़क की चौड़ाई साढ़े पांच मीटर है, जिसे बढ़ाकर सात मीटर किया जाएगा। रादौर के माता सावित्री बाई फुले चौक से लेकर जठलाना तक करीब दस किलोमीटर इस लंबे मार्ग को करीब बीस करोड़ की लागत से बनाया जाना है। इस सड़क पर रेत से भरे वाहनों का दबाव अधिक रहता है। इसलिए मजबूती देने के लिए इसे आरसीसी से बनाया जाना है, ताकि यह लंबे समय तक टीक सके। इस मार्ग को बने करीब 15 वर्ष का समय बीत चुका है।
जठलाना | रादौर-जठलाना सडक़ मार्ग पर पश्चिमी यमुनानगर पुल के निकट ईंटों से भरे गए सड़क में पड़े गड्ढे।