- Hindi News
- National
- Kurukshetra News Haryana News Railways Closed Biometric Attendance Till 31 Helpline Number Released
रेलवे ने 31 तक बायोमीट्रिक से हाजिरी बंद की, हेल्पलाइन नंबर जारी
अम्बाला | कोरोना वायरस से बचने के लिए रेल मंडल ने भी एडवाइजरी जारी कर दी है। 31 मार्च तक स्टाफ की बॉयोमीट्रिक हाजिरी बंद कर दी गई है। इसके अलावा आगामी दिनों में सामूहिक समारोहों को भी टाला जा सकता है। डीआरएम गुरिंद्र मोहन सिंह व रेलवे अस्पताल के चीफ मेडिकल सुपरिंटेंडेंट छत्तर सिंह ने स्टाफ को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। रेलवे मेडिकल विभाग के कर्मचारियों को वायरस से निपटने के लिए प्रशिक्षित किया गया है। रेलवे डॉक्टरों को भारत के स्वास्थ्य मंत्रालय से आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। मंडल अस्पताल में 6 बेड के आइसोलेशन वार्ड स्थापित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि अम्बाला कैंट, जगाधरी वर्कशॉप, कालका और धर्मपुर हिमाचल प्रदेश में 150 क्वारेनटाइन बेड की व्यवस्था की गई है। कोरोना वायरस नियंत्रण के लिए सुरक्षात्मक आवश्यक वस्तुएं जैसे व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण, मास्क, कीटाणुनाशक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। सभी रेलवे स्टेशनों पर अनाउंसमेंट कर नियमित अंतराल के बाद वायरस के प्रति लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। रेलवे द्वारा मंडल अस्पताल के हेल्प लाइन नंबर 9729539520 और 0171-2610093 जारी किए गए हैं।