- Hindi News
- National
- Sadora News Haryana News Repair Of Sadhaura Bilaspur Road Starts After The Visit Of Deputy Cm
डिप्टी सीएम के दौरे के बाद सढौरा-बिलासपुर सड़क की रिपेयर शुरू
बिलासपुर सड़क की रिपेयर का जो काम जनता की एक साल से बार-बार मांग पर भी नहीं हो पा रहा था वो डिप्टी सीएम के दौरे के बाद अब युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। साढौरा-बिलासपुर सड़क पर गड्ढाें की भरमार होने के कारण राहगीरों को बहुत परेशानी हो रही थी। इस बारे में कई बार शिकायत करने पर भी पीडब्ल्यूडी द्वारा इसकी मरम्मत करवाने का प्रयास नहीं किया जा रहा था। इस सड़क की खस्ता हालत के कारण राहगीर यहां से गुजरने की बजाए वैकल्पिक मार्गों से गुजरने लगे थे। कई लोगों ने इस बारे में सीएम को ट्वीट करके भी शिकायत की, लेकिन पीडब्ल्यूडी ने इसकी सुध नहीं ली। आखिरकार डिप्टी सीएम व पीडब्ल्यूडी मंत्री दुष्यंत चौटाला का एक मार्च को लोहगढ़ पहुंचने का कार्यक्रम तय हो गया। प्रभारी मंत्री के आगमन की खबर मिलते ही पीडब्ल्यूडी ने आनन-फानन में सड़क के गड्ढों को भरने की कवायद शुरू कर दी। तब भी इसकी हालत न सुधरी तो प्रशासन को डिप्टी सीएम का रूट डायवर्ट करना पड़ा। जानकारी के अनुसार दुष्यंत चौटाला को इसकी भनक मिल गई और उन्होंने अधिकारियों को इस सड़क की मरम्मत का काम तुरंत शुरू करने के निर्देश दिए। उनके निर्देशों की पालना करते हुए इस सड़क की मरम्मत का काम शुरू कराया गया। बिलासपुर की तरफ से शुरू हुई इस सड़क की मरम्मत का काम तुम्बी तक पहुंच गया है। अगर मौसम साफ रहा तो एक सप्ताह तक यह काम पूरा होने की संभावना है।