- Hindi News
- National
- Ksaula News Haryana News Road Accidents Took Away Two More Lives A Bike Ridden Youth Died In A Car Elderly On A Highway
सड़क हादसों ने दो और जिंदगियां छीनी... कार की टक्कर से बाइक सवार युवक, हाईवे पर बुजुर्ग की गई जान
कसौला व खोल पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं के दोनों मामलों में केस दर्ज करके आरोपी वाहन चालकों की तलाश शुरू कर दी है
जिले में हादसों का कहर जारी है। हर दिन सड़कें खून से लाल हो रही हैं। अब दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रोहतक के लिए रेफर कर दिया गया है। कसौला व खोल पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं के दोनों मामलों में केस दर्ज करके आरोपी वाहन चालकों की तलाश शुरू कर दी है।
कार ने बाइक के साथ स्कूटी को भी मारी टक्कर
नारनौल रोड पर गोविंदपुरी गांव के समीप एक कार चालक ने बाइक और स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार जिला अलवर निवासी 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। वहीं स्कूटी सवार यूपी निवासी दो व्यक्ति घायल हो गए। चिकित्सकों ने तीनों को रोहतक रेफर कर दिया जहां उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई।
खोल पुलिस ने बताया कि अलवर जिला के गांव नंगली बलाहिर निवासी सुधीर कुमार बाइक पर रेवाड़ी आ रहा था। उसके पीछे-पीछे स्कूटी पर सवार फेरी लगाकर सामान बेचने वाले यूपी निवासी नौशाद व शकील आ रहे थे। गोविंदपुरी के समीप सामने से आ रहे एक चालक ने पहले सुधीर की बाइक को टक्कर मारी और उसके बाद स्कूटी को भी टक्कर मार दी। घटना के बाद आरोपी चालक वहां से फरार हो गया। सूचना के बाद लोगों ने एंबुलेंस की मदद से तीन घायलों को शहर के ट्रामा सेंटर पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार करने के बाद गंभीर हालत होने पर तीनों को पीजीआई के लिए रेफर कर दिया। पीजीआई में उपचार के दौरान सुधीर की मौत हो गई जबकि नौशाद व शकील का उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि मृतक सुधीर के परिजनों की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
सड़क पार कर रहे बुजुर्ग को वाहन ने कुचल दिया
दिल्ली-जयपुर राजमार्ग पर भूड़ला गांव के समीप सड़क पार कर रहे 60 वर्षीय बुजुर्ग को अज्ञात वाहन चालक ने कुचल दिया। मृतक की पहचान जिला अलवर के गांव सालखर निवासी कालूराम के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि कालूराम अपने परिवार के साथ भूड़ला गांव में रह रहा था और सुबह के समय खेतों की तरफ जा रहे थे। जब वे पेट्रोल पंप के समीप पहुंचे तभी दूसरी तरफ जाने के लिए सड़क पार कर रहे थे, तभी अज्ञात वाहन चालक ने उनको टक्कर मार दी। दुर्घटना की सूचना पाकर कालूराम का बटा रविकांत मौके पर पहुंचा और तुरंत ही उन्हें ट्रामा सेंटर लेकर गए जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने रविकांत की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज करके शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।