धूम्रपान करने वाले लोगों पर 2100 रु. लगाया जुर्माना
धूम्रपान करने वाले लोगों का जुर्माना लगाते डिप्टी एमएस डॉ. राजेश भोला।
जींद | सिविल अस्पताल के सीएमओ डॉ. जयभगवान जाटान के दिशा-निर्देशों पर शनिवार को अस्पताल परिसर में तंबाकू कंट्रोल कार्यक्रम के तहत छापेमारी अभियान चलाया। अभियान के तहत अस्पताल परिसर और आसपास क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करते पाए गए 14 लोगों के चालान भी किए गए और साथ ही उन्हें तंबाकू, धूम्रपान के सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में भी अवगत करवाया गया। इस दौरान धूम्रपान करने वालों से जुर्माने के तौर पर 2100 रुपए भी वसूले गए। अभियान का नेतृत्व सिविल अस्पताल के डिप्टी एमएस डॉ. राजेश भोला ने किया। उनके साथ लीगल एडवाइजर विकास, पुलिस विभाग से नफे सिंह व अन्य सदस्य मौजूद रहे।
डिप्टी एमएस डॉ. भोला ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा तंबाकू कंट्रोल कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी को लेकर आमजन को धूम्रपान से स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों से अवगत करवाया जा रहा है। वहीं तंबाकू कंट्रोल नियम के तहत सार्वजनिक स्थानों पर बीड़ी, सिगरेट या तंबाकू का उपयोग करते पाए जाने पर पिछले तीन दिनों से लगातार चालान भी किया जा रहा है। सीएमओ डॉ. जयभगवान जाटान ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिक्षण संस्थानों के आसपास 100 मीटर के दायरे में बीड़ी, सिगरेट न बेचे जाने को लेकर खंड शिक्षा अधिकारियों से लिखित में लिया गया है। इसके अलावा शिक्षण संस्थानों में भी धूम्रपान निषेध है को लेकर जागरूक करने के लिए कहा गया है।