सैंयाखेड़ा के पहलवान सागर ने जीता खुबडू दंगल
गन्नौर | उपमंडल के गांव खुबडू स्थित डेरा बाबा समक्षा गिरी के परिसर में होली पर्व के उपलक्ष्य पर कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। जिसमें आसपास व दूर-दराज के पहलवानों ने जोर आजमा कर अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन कर दर्शकों से तालियां बटोरी। सैंयाखेड़ा गांव के पहलवान सागर ने भांवर गांव के पहलवान मुकुल का पटकनी देकर दंगल जीता। बतौर मुख्यातिथि के रूप में पहुंचे भाजपा युवा नेता देवेंद्र कादियान ने विजेता पहलवान को इनाम देकर सम्मानित किया और कहा कि कुश्ती मिट्टी से जुड़ा खेल है, जो खिलाड़ी जितना अभ्यास करता है उसमें उतना ही निखार आता है। खेल में हार-जीत एक सिक्के के दो पहलू है।