मानव सेवा संगम चेरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित संगम दिव्यांग केंद्र में दिव्यांग दिवस का आयोजन किया गया।
धर्म प्रमुख संत सुखदेवा नंद महाराज व संत सर्वयोगानंद महाराज के पावन सान्निध्य में समारोह में दिव्यांग बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। जिनमें प्रवीण व मोहित ने कृष्ण सुदामा के भजन पर प्रस्तुति दी जबकि मुकेश ने जिंदगी इक सफर है सुहाना सुनाकर जीवन की सच्चाई से रूबरू करवाया। जिन्हें देखकर सभी भावविभोर हो गए। चाहत ने नृत्य की प्रस्तुति दी तथा नरेश ने अपने अनुभव सांझे किए। बच्चों की मार्गदर्शक नेहा वर्मा ने केंद्र की गतिविधियों व बच्चों के शारीरिक व मानसिक विकास बारे जानकारी दी। मंच संचालन राकेश जैन ने किया।
दिव्यांग दिवस पर प्रस्तुति देते संगम दिव्यांग केंद्र के बच्चे।
विजेताओं को सम्मानित किया
एक दिन पूर्व आयोजित चित्रकला स्पर्धा के विजेताओं नरेश कुमार, अंचल जैन, नवीन, हितेष, तरूण, हर्ष व पर्व बांसल को सम्मानित किया गया। समारोह में शांत सरोवर आश्रम ट्रस्ट द्वारा दिव्यांग बच्चों को जैकेट, लाला छज्जु राम पहाडिय़ा मैमोरियल ट्रस्ट द्वारा जूते, स्वर्णकार संघ द्वारा खाद्य सामग्री तथा डॉ. गोपी व मनोज नर्सरी द्वारा पौधा वितरण किया गया। भारत विकास परिषद द्वारा बच्चों के मनोरंजन के लिए पोगों तथा दो दिव्यांगों को व्हील चेयर भी प्रदान की गई। ऋग्वेदा स्कूल के चेयरमैन प्रदीप मडिय़ा ने दिव्यांग बच्चों के साथ अपना जन्म दिन सांझा करते हुए उन्हें एक्साइज की मशीन आदि के लिए 21 हजार रुपये का अनुदान दिया।