2 बाइक की भिड़ंत में सांच निवासी संजीव की मौत
कैथल| दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में युवक की मौत हो गई। मृतक के चचेरे भाई की शिकायत पर पूंडरी थाना पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। गांव सांच निवासी दलीप सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गांव रसीना से घर का सामान खरीदकर बाइक पर गांव सांच की तरफ जा रहा था। उससे आगे दूसरी बाइक पर उसका चचेरा भाई संजीव कुमार (31) भी सांच की तरफ जा रहा था। जब संजीव कुमार ब्लॉकों की फैक्ट्री के पास पहुंचा तो गांव सांच की तरफ से सांच निवासी राजपाल तेज गति व लापरवाही से बाइक पर आ रहा था। राजपाल ने गलत दिशा में आकर संजीव की बाइक को टक्कर मारी। टक्कर लगने से संजीव कुमार वहीं गिर पड़ा और सिर में चोट लगने से बेहोश हो गया। राहगीरों की मदद से संजीव को करनाल के एक निजी अस्पताल में लेकर गए जहां से उसे कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। संजीव को मेडिकल कॉलेज लेकर गए तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पूंडरी थाना से हेड कांस्टेबल राजेश कुमार ने बताया कि आरोपी बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।