सरोज सिंगला को मिली हलका अध्यक्ष की कमान
कलायत| हरियाणा प्रदेश के 356 घटकों की प्रतिनिधि सभा अग्रवाल वैश्य समाज ने सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में महिलाओं को नेतृत्व देने की रणनीति तय की है। इसके तहत वैश्य समाज द्वारा महिला इकाई की 7 लोकसभाओं और 50 विधानसभा अध्यक्षों की घोषणा की गई। संगठन प्रदेशाध्यक्ष अशोक बुवानीवाला और महिला विंग प्रदेशाध्यक्ष सुशीला सर्राफ की अगुवाई में लिए गए इस महत्वपूर्ण फैसले के तहत पूर्व महिला नगर पार्षद सरोज सिंगला को कलायत विधानसभा की जिम्मेवारी सौंपी गई है। सरोज सिंगला के पति स्वर्गीय एमपी सिंगला कलायत नगर पालिका के प्रधान रहे हैं। इसके साथ ही पुत्रवधू निशु अग्रवाल वर्तमान में कलायत नगर पालिका में पार्षद हैं। वैश्य समाज संगठन के अंतर्गत महिला विंग के गठन के पीछे भी संस्था के कई लक्ष्य रहे हैं। इसके माध्यम से सामाजिक जागृति लाने और कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाई जाती रही है। सामाजिक सद्भावना समारोह और सामयिक मुद्दों पर एकजुट होकर संघर्ष करने के लिए संगठन सजग रहा है।