- Hindi News
- National
- Kaithal News Haryana News Sarpanch Aso Against E Tendering Submitted A Memo After The Meeting
ई टेंडरिंग के विरोध में सरपंच एसो. ने मीटिंग के बाद सौंपा ज्ञापन
गांवों में विकास कार्यों के लिए ई-टेंडरिंग प्रणाली लागू करने के विरोध में सरपंच एसोसिएशन उतर आई है। इसे लेकर सोमवार को जिला कैथल के सरपंचों की मीटिंग पंचायत भवन में हुई और इसकी अध्यक्षता जिला प्रधान गज्जन सिंह गोबिंदपुरा ने की। बैठक में सरकार द्वारा दो साल पहले भी ई टेंडर प्रणाली लागू करने को फिर से शुरू करने पर विरोध जताया गया। सरपंचों ने कहा कि पंचायतें ई टेंडर के मार्फत गांव में विकास कार्य नहीं करा सकती। एक लाख से ज्यादा के टेंडर ई टेंडरिंग प्रणाली से कराए जाने का प्रावधान किया गया है जो पहले 20 लाख रुपए तक पंचायत कार्य कर सकती थी। इस प्रक्रिया में ही काफी समय लग जाएगा और ग्राम पंचायतों के कार्य बाधित होंगे। सबसे विशेष बात यह है कि इसके लिए खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों के कार्यालय में ये पूरे संसाधन नहीं हैं। यहां पर न स्टाफ है और न ही सिस्टम की पूरी सुविधा। बाद में सीएम मनोहरलाल के नाम संबोधित नगराधीश सुरेश राविश को ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा गया कि सीएम व पंचायत मंत्री के संज्ञान में यह समस्या लाकर जल्द ही ई टेंडरिंग प्रणाली को खत्म किया जाए। इस मौके पर रामफल मलिक, राजेंद्र सिंह देवबन, गुलाब सिंह, त्रिलोचन सिंह, जोगा सिंह, ओमप्रकाश व बलदेव चौसाला आदि अनेक सरपंच मौजूद रहे।