- Hindi News
- National
- Jhajjar News Haryana News Self Employed Women Becoming Self Reliant Manju
स्वरोजगार से स्वावलंबी बन रहीं महिलाएं : मंजू
स्वरोजगार से स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ते बेरोजगारी दूर करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन की उल्लेखनीय भूमिका है। मिशन के जरिए ऋण सुविधा से स्वरोजगार अपनाकर आर्थिक रूप से परिवार मजबूत हो रहे हैं। ब्यूटी पार्लर से लेकर किरयाने की दुकान, रेडीमेड गारमेंट्स आदि व्यवसाय के लिए 50 हजार रुपए से 2 लाख रुपए तक का ऋण व स्वयं सहायता समूह को भी शहरी निकाय के माध्यम से स्वरोजगार अपनाने वालों को सहयोग दिया जा रहा है। मिशन के जरिए झज्जर जिला हरियाणा का पहला ऐसा जिला बनने जा रहा है, जहां एरिया लेवल फेडरेशन की गठन प्रक्रिया चल रही है। रजिस्ट्रेशन के साथ ट्रेड मार्क मिलेगा। यह बातें बहादुरगढ़ शहरी निकाय में मिशन शहरी प्रोजेक्ट अधिकारी मंजू शर्मा ने कही। उन्होंने बताया कि झज्जर जिले में राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के जरिए अब तक कुल 41 स्वयं सहायता समूहों को रिवोलविंग फंड दिया जा चुका है। 107 लाभार्थी इस मिशन से स्वरोजगार अपनाकर आर्थिक संपन्नता की ओर आगे बढ़ रहे हैं।
स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित
राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन का उद्देश्य शहरों में लाभोन्मुख स्वरोजगार व कौशल आधारित रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना है। ताकि शहरी गरीब परिवारों की गरीबी एवं उनकी कठिनाइयों को दूर किया जा सके। झज्जर जिले में मिशन को प्रभावी ढंग से क्रियांवित किया जा रहा है। अधिक से अधिक लोगों को स्वरोजगार के प्रति प्रेरित किया।
-जितेंद्र कुमार, डीसी, झज्जर।
गरीबों का सपना हो रहा साकार
मिशन के लाभार्थी विकास, कुलदीप, रोहित, संजय, भूपेंद्र, अजय सहित सीता राम, यमुना व राधा रानी स्वयं सहायता समूह की महिला सदस्यगण लाभार्थी के रूप में मिशन की सार्थकता को प्रमाणित कर रहे हैं। उनका कहना कि गरीब का सपना साकार करने में राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन की अहम भागीदारी है। अपना रोजगार शुरू करते हुए वे अपने सपने को साकार कर रहे हैं।
60 लाभार्थियों को स्वरोजगार के लिए दिया ऋण
मिशन शहरी प्रोजेक्ट अधिकारी मंजू शर्मा ने बताया कि बहादुरगढ़ शहर में अब तक कुल 17 स्वयं सहायता समूहों को रिवोलविंग फंड दिया जा चुका है। बहादुरगढ़ शहर निकाय इस मिशन के जरिए पहला ऐसा शहर व जिला बनने जा रहा है, जहां क्षेत्रीय स्तर पर फेडरेशन a गठन होगा। इसके गठन के साथ ही स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के पांच समूह एकत्रित होकर एक फेडरेशन बनाएंगे। आर्थिक सहयोग के साथ स्वरोजगार की मिसाल पेश करेंगे। ट्रेड मार्क के साथ फेडरेशन लांच होगा। झज्जर शहरी प्रोजेक्ट अधिकारी मनीषा ने झज्जर में 18 व बेरी में 6 स्वयं सहायता समूहों को रिवोलविंग फंड प्रदान किया गया है। झज्जर व बेरी में 60 लाभार्थियों को मिशन के जरिए उन्हें स्वरोजगार के लिए ऋण सुविधा प्रदान की गई है।
स्वयं सहायता समूह की महिलाएं सिलाई केंद्र में।