- Hindi News
- National
- Bhiwani News Haryana News Sewer Overflow Near Pipli Johri People On The Road
पिपली वाली जोहड़ी के पास सीवर ओवरफ्लो, सड़क पर उतरे लोग
जनसंघर्ष समिति की ओर से पिपली वाली जोहड़ी के पास रोड व गलियों में काफी लंबे समय से सीवर ओवरफ्लो की समस्या से जूझ रहे क्षेत्रवासियों ने प्रशासन के विरोध में पानी में खड़े होकर नारेबाजी की।
समिति के जिला संयोजक व मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव का. ओमप्रकाश व लेबर क्रांति मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष राजेंद्र तंवर ने प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि आठ माह से इस क्षेत्र के सीवर ओवरफ्लो हो रहे हैं। बार बार प्रशासन व विभाग के अधिकारियों को शिकायत के बाद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। सीवरेज की सफाई करने, पेयजल लाइन अलग से किए जाने को लेकर प्रशासन व जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के चक्कर लगाए जा रहे हैं। जिला प्रशासन, जनस्वास्थ्य विभाग व जनप्रतिनिधि उनकी कोई सुनवाई नहीं कर रहे हैं। क्षेत्रवासियों में प्रशासन के खिलाफ रोष है। उन्होंने बताया कि जो रोड जाम करना चाह रहे थे परन्तु समिति नेताओं ने ऐसा नहीं करने के लिए उन्हें समझाया। गौरतलब होगा कि मुक्तिधाम रोड से आगे पूर्व की ओर से आने वाली सीवरेज लाइन काफी दिनों से बंद पड़ी है। सीवर ओवरफ्लो होने के कारण गली व सड़क पर गंदा पानी बदबू मार रहा है। स्कूल जाने वाले बच्चे पानी में गिर जाते हैं। आने जाने वालों के लिए रास्ते रुके हुए हैं। क्षेत्रवासी गंदा पानी पीने पर मजबूर हैं। इससे बीमारियां फैलने का खतरा पैदा हो गया है। समिति नेताओं ने जनस्वास्थ्य विभाग व प्रशासन को चेतावनी दी है यदि दो दिन में सीवरेज ओवरफ्लो ठीक नहीं हुए तो वे प्रशासन के खिलाफ आंदोलन करने पर मजबूर होंगे। इस अवसर पर बलवान सिंह दरोगा, सतबीर, कैप्टन रामभगत, सीटू नेता फूलचंद, बाला, मूर्ति, निर्मला, संतोष, सावित्री, कृष्णा व रामपति आदि उपस्थित थे।
भिवानी। पिपली वाली जोहड़ी के पास रोष जताते ओवरफ्लो की समस्या से जूझ रहे क्षेत्रवासी व जनसंघर्ष समिति पदाधिकारी व अन्य।