- Hindi News
- National
- Gharaunda News Haryana News Shops Adorning The Footpath Vehicles Standing Difficulty In Walking
फुटपाथ पर सज रही दुकानें, खड़े हो रहे वाहन, पैदल चलने में होती है दिक्कत
एक करोड़ रुपए से अधिक के खर्च के बावजूद पैदल राहगीरों को आवाजाही के लिए फुटपाथ का रास्ता नहीं मिल रहा है। नगरपालिका द्वारा हाईवे के दोनों तरफ बनाए गए फुटपाथ पर दुकानदारों व अवैध पार्किंग का कब्जा हो चुका है। फुटपाथ पर अतिक्रमण इतना अधिक है कि कुछ दुकानदारों की पूरी दुकान ही फुटपाथ के ऊपर सजती है। नगरपालिका यदाकदा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाती है, लेकिन अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की जाती।
हाईवे के सर्विस रोड पर पैदल राहगीरों के लिए सड़क पर चलने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं है। बीते वर्ष नगरपालिका ने पैदल चलने वाले लोगों के लिए फुटपाथ बनाए थे। विभाग ने लगभग सवा करोड़ की लागत से हाइवे के फुटपाथ का स्टील ग्रिल व रंगीन टाइलों से सौंदर्यीकरण भी किया। लेकिन फुटपाथ पर हुए अतिक्रमण की वजह से पैदल राहगीरों को मजबूरन ट्रैफिक के बीच आवाजाही करनी पड़ती है। पैदल चलने वाले महिला पुरुष कई बार सड़क दुर्घटनाओं के शिकार भी हो चुके हैं। शहर में गंदे नाले से लेकर नई अनाज मंडी व रेलवे रोड के कट से लेकर सैन चौक तक फुटपाथ पर दुकानदारों का अतिक्रमण है। हाइवे पर स्थित दो बैंक व एक निजी अस्पताल फुटपाथ को पार्किंग की तरह इस्तेमाल कर रहे है। फुटपाथ की सबसे दयनीय स्थिति रेलवे रोड चौक, पटेल मार्केट, अराईंपूरा रोड चौक व सीनियर सेेकेंडरी स्कूल के पास बनी हुई है। कुछ दुकानदारों की आधी से अधिक दूकान फुटपाथ पर लगती है तो कई स्थानों पर फुटपाथ को वर्कशाप में तबदील कर दिया गया है।
ये बोले शहरवासी
शहरवासी सतपाल, राजेश कुमार, प्रताप सिंह, सन्नी, विनोद, राजेंद्र व अन्य का कहना है कि नगरपालिका द्वारा फुटपाथ बनाने पर किए गए खर्च का आम लोगो को कोई फायदा नहीं है। दुकानदारों के कब्जों व वाहनों की पार्किंग के बाद फुटपाथ पर चलने के लिए एक ईंच भी जगह नहीं बचती। लोगों का आरोप है कि नगरपालिका दो चार महीनों के बाद अतिक्रमण हटाने के ड्रामा करती है लेकिन कब्जा जमाये बैठे दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नही करती।
फुटपाथ पैदल लोगों के चलने के लिए बनाया गया है। हम समय-समय पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाते हैं। अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों का सामान कब्जे में लिया जाता है, जुर्माने व चालान भी किए जाते हैं।
रवि प्रकाश सचिव नगरपालिका, घरौंडा ।
घरौंडा.फुटपाथ पर खड़े वाहन, आने जाने वाले पैदल राहगीर परेशान।