- Hindi News
- National
- Kurukshetra News Haryana News Sintizer Finishes From The Market Masks Are Being Charged 2 3 Times Dg Health Cancels Medical Leave
मार्केट से सेिनटाइजर खत्म, मास्क के वसूले जा रहे 2 से 3 गुना पैसे, डीजी हेल्थ ने की चिकित्सकों की छुट्टियां रद्द
शहर में कोरोना वायरस का अभी तक कोई केस सामने नहीं आया, लेकिन इससे बचाव के लिए पहने जाने वाले मास्क की कालाबाजारी शुरू हो चुकी है। इसमें रिटेल दुकानदार ही नहीं, थोक व्यापारी भी शामिल हैं। यह लोग मास्क के मनमाने दाम वसूल रहे हैं। 8 रुपए वाले सिंगल लेयर मास्क के रिटेल में 30 से 60 रुपए वसूले जा रहे हैं। शहर में अब मास्क व सेिनटाइजर खत्म हो चुके हैं। ऊपर से निजी स्कूलों की मैनेजमेंट ने खांसी-जुकाम से पीड़ित बच्चों के लिए मास्क पहनकर आना अनिवार्य कर दिया है।
इससे भी डिमांड बढ़ गई है और इसी का फायदा दुकानदार उठा रहे हैं। सविल अस्पताल के आसपास की दुकानों पर 8 रुपए वाले सिंगल लेयर मास्क के तीन गुणा से अधिक रेट लिए जा रहे हैं। रिटेल मार्केट में भी एन-95 मास्क और थ्री लेयर मास्क बहुत कम मेडिकल स्टोर्स पर उपलब्ध हैं। रिटेल में एन-95 मास्क के 350 से 500 रुपए तक लिए जा रहे हैं। कोई दुकानदार बिल देने को भी राजी नहीं है। स्वास्थ्य विभाग ऐसे दुकानदारों पर कार्रवाई अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर बता रहा है। कोरोना वायरस को लेकर मुस्तैदी का दावा करने वाले जिला प्रशासन ने कोई हेल्पलाइन नंबर भी जारी नहीं किया। जहां लोग शिकायत कर सकें। जिला अस्पताल में चिकित्सकों व स्टाफ सदस्यों के साथ मरीज भी अब मास्क लगाकर पहुंचने लगे हैं।
सैनेटाइजर की है कमी, नहीं आ रहा स्टॉक : केमिस्ट एसोसिएशन प्रधान अशोक सिंगला का कहना है कि जो स्टॉक पड़ा था वह अस्पतालों में सप्लाई कर दिया है। सैनेटाइजर का स्टॉक खत्म हो चुका है। डिमांड भेजी है, लेकिन अभी तक स्टॉक उपलब्ध नहीं हुआ। शहर में यूज एंड थ्रो मास्क अभी उपलब्ध हैं। अच्छी क्वालिटी के मास्क का स्टॉक खत्म होने वाला है। कुछ दुकानों पर ही मास्क का स्टॉक है।
ये करें : जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. गौरव चावला ने कहा कि कोरोना से स्वयं व दूसरों की रक्षा के लिए सभी को साबुन से बार-बार बहते पानी में हाथ धोने चाहिए, बाहर आने-जाने पर हैंड वाश या सैनेटाइजर का प्रयोग करें, छींकते-खांसने के दौरान मुंह ढकें, प्रयोग के तुरंत बाद टिशू को किसी बंद डिब्बे में फेंक दें और अस्वस्थ महसूस होने पर डॉक्टर से संपर्क करें।
ये न करें : खांसी और बुखार हो तो किसी के संपर्क में नहीं आएं, विशेषकर भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में न जाएं, सार्वजनिक स्थानों पर नहीं थूकें, जीवित पशुओं के संपर्क में नहीं आए और कच्चे मांस के सेवन से बचें।
_photocaption_कुरुक्षेत्र- जिला अस्पताल में अब मरीज भी लगाने लगे मास्क*photocaption*