- Hindi News
- National
- Sirsa News Haryana News Sirsa Safe From Corona Out Of 98 Travelers 40 Safe Is Now On 58 Health Department Monitoring Team
कोरोना से सुरक्षित सिरसा: 98 ट्रेवलर में से 40 सेफ अब 58 पर जारी है हेल्थ विभाग टीम की मॉनीटरिंग
कोरोना के खतरे से सिरसा सुरक्षित होता हुआ अब नजर आ रहा है। गुरुवार को मिली कोरोना आशंकित महिला के ब्लड की सैंपल रिपोर्ट आ गई है जिसमें नेगेटिव दर्शाया गया है। रिपोर्ट नगेटिव आने से शहरवासियों और प्रशासन सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने राहत की सांस ली है। जिला में विदेशों में घूमकर आए 98 आशंकित ट्रेवलर में से 40 ट्रेवलर की निर्धारित 28 दिन की मॉनीटरिंग पूरी हो गई है और इन्हें आशंकित की श्रेणी से बाहर कर दिया है। अब विभाग शेष 58 पर निगाह रखी जा रही है।गुरुवार को खांसी-जुकाम से पीड़ित महिला सिविल अस्पताल पहुंची। कोरोना का शक हाेने पर उसे आइसोलेशन वार्ड में भेजा गया ताकि उसका ब्लड सैंपल लिया जा सके। लेकिन चकमा देकर महिला अस्पताल से निकल गई। इस पर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियाें और अधिकारियाें के हाथ-पांव फूल गए। पुलिस की सहायता से 2 घंटे की मशक्कत के बाद उस महिला को ढूंढकर दोबारा लाया गया और ब्लड सैंपल लिए गए। उसके ब्लड सैंपल को जांच के लिए विशेष मैसेंजर की सहायता से रोहतक भेजा गया और खून की जांच करवाई गई। 12 से 14 घंटे की जांच के बाद ब्लड सैंपल की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। इससे न केवल आशंकित महिला बल्कि परिवारजनों के साथ-साथ शहरवासियाें और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियाें ने भी राहत की सांस ली है। जिला में 98 ऐसे यात्री कोरोना आशंकित की श्रेणी में आ गए जिन पर स्वास्थ्य विभाग की लगातार मॉनीटरिंग जारी थी। काेरोना आशंकित पर 28 दिन तक स्वास्थ्य विभाग मॉनीटरिंग करता है। इसलिए इन सभी 98 ट्रेवलर पर नजर रखी जा रही थी।
अब तक जिले में पांच मरीज आशंकित मिले, जिनकी ब्लड सैंपल जांच की जरूरत पड़ी, रिपोर्ट निगेटिव आई
जिला में अब तक 5 ऐसे मरीज आशंकित मिले, जिनकी ब्लड सैंपल जांच की जरूरत पड़ी और उन्हें आइसोलेशन वार्ड में भी रखना पड़ा। इन मरीजों के ब्लड सैंपल लेकर रोहतक मेडिकल जांच के लिए भेजा गया। अच्छी बात ये है कि इन सभी पांचों मरीजों की ब्लड सैंपल रिपोर्ट नेगेटिव आई है। यानी सिरसा में एक भी कोरोना पॉजीटिव नहीं है।
प्रशासन ने सामूहिक कार्यक्रमों को किया रद्द
जिला प्रशासन ने ऐसे कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं जिन्हें सार्वजनिक स्थानों पर सामूहिक तौर पर आयोजित किया जाना था। इनमें नशा मुक्ति अभियान, पॉजीथिन की रोकथाम के लिए चलाया जा रहा अभियान सहित ग्रामीण स्तर पर चलने वाले जागरूकता अभियान शामिल हैं।
बचाव को लेकर शहर में मॉस्क लगा रहे लोग
कोरोना वायरस से बचाव को लेकर शहरवासी भी जागरूक हो गए हैं। अहतियात के ताैर पर लाेग स्वयं ही मास्क लगाकर बाजारों में अाने लगे हैं। बाजार में वाहनों पर चलते हुए मुंह पर मास्क लगा रहे हैं। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर आने-जाने वाले लोगों ने भी मास्क के प्रयोग किया है।
शेष यात्रियों पर स्वास्थ्य विभाग की टीम 24 घंटे
कर रही मॉनीटरिंग: डिप्टी सिविल सर्जन
गुरुवार को हमारे पास आस्ट्रेलिया घूमकर आई आशंकित महिला मरीज के ब्लड की सैंपल की जांच करवाई गई है। अच्छी बात ये है कि रिपोर्ट नेगेटिव आ गई है। जिला में अब तक कुछ 98 आशंकित ट्रेवलर की मॉनीटरिंग की जा रही थी जिसमें से 40 ने 28 दिन की अवधि सुरक्षित तरीके से पूरी कर ली है। अब शेष 58 की मॉनीटरिंग की जा रही है।\\\'\\\' -डॉ. वीरेश भूषण, डिप्टी सिविल सर्जन, सिरसा।
कोरोना से बचाव को लेकर मास्क लगाकर जाते साइकिल सवार।