- Hindi News
- National
- Bhiwani News Haryana News Six Members Of A Family Injured After Being Attacked By An Ax And An Ax For Lifting A Brick From A Street
गली से ईंट उठाने पर फरसे व कुल्हाड़ी से हमला, एक परिवार के छह सदस्य घायल
भिवानी | बामला में गली में रखी ईंट हटाने को लेकर एक पक्ष के सदस्यों ने फरसा, कुल्हाड़ी आदि तेजधार हथियारों से एक परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। जिसमें एक ही परिवार के छह सदस्य घायल हो गए। हमलावरों ने पीड़ित पक्ष के मकान में पत्थरबाजी भी की। घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायलों ने पुलिस पर आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई न करने का आरोप भी लगाया है।
घायल अश्वनी ने बताया कि बुधवार शाम उसका ताऊ ओमप्रकाश व परिवार की महिला नवीन प्लाट में थे। इसी दौरान पड़ोस के कुछ युवक आए और कहा कि गली से ईंटों को हटाओ वह अपना ट्रैक्टर खड़ा करेंगे। इस पर ओमप्रकाश ने कहा कि कल मजदूर आएंगे इसके बाद गली से ईंट को हटवाएंगे लेकिन युवकों ने झगड़ा शुरू कर दिया और कहा कि अभी ईंटों को हटाओ। अश्वनी ने बताया कि युवकों ने उसके ताऊ ओमप्रकाश के साथ मारपीट की और बीच बचाव के लिए आई नवीन के साथ भी हमलावरों ने मारपीट की। सूचना मिलने पर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे तो हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की। जिसमें ओमप्रकाश व नवीन के अलावा बलवान, मनोज व विजय भी घायल हो गए। आरोप लगाया कि हमलावरों ने फरसा, कुल्हाड़ी व अन्य तेजधार हथियारों से हमला किया। परिवार के अन्य सदस्य घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाने के लिए भिवानी गए तो हमलावरों ने उनके मकान में पत्थरबाजी की। घायल अश्वनी के भाई अजय कुमार ने बताया कि हमलावर पक्ष के पांच सदस्य पुलिस कर्मचारी है। इसलिए घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। हमलावर परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं और पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। अजय ने पुलिस उच्चाधिकारियों से परिवार की जान माल की सुरक्षा व आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।