- Hindi News
- National
- Gharaunda News Haryana News Skeleton Found In Closed Rice Mill39s Dilapidated Toilet
बंद राइस मिल के जर्जर शौचालय में मिला कंकाल
शहर के अराईपुरा रोड पर शिव शंकर राइस मिल के शौचालय में एक व्यक्ति का कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। राइस मिल कई सालों से बंद पड़ा है। कंकाल मिलने की सूचना के बाद डीएसपी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के मुताबिक कंकाल लगभग एक साल पुराना है।
पुलिस ने अस्थि पिंजर को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए करनाल कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में भेज दिया है। शहर के अराईपुरा रोड पर कई सालों से शिव शंकर राइस मिल बंद पड़ी है। कोई सिक्योरिटी न होने की वजह से इस मिल में कोई भी प्रवेश कर सकता है। पुलिस के मुताबिक बुधवार को लकड़ियां एकत्रित करने वाले कुछ लोग इस मिल के अंदर गए। इसी दौरान एक व्यक्ति राइस मिल के जर्जर शौचालयों की तरफ लघुशंका के लिए गया। जैसे ही वह शौचालय के पास पहुंचा तो टॉयलेट में कंकाल देख उसके हाथ पांव फूल गए। उसने शोर मचाया तो आसपास लकड़ी एकत्रित कर रहे अन्य लोग भी मौके पर एकत्रित हो गए। जिसके बाद उन्होंने कंकाल मिलने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही डीएसपी रामदत्त पुलिस कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की।