- Hindi News
- National
- Gohana News Haryana News Sugarcane Reaching The Mill Due To Rain Slow Crushing
बरसात के चलते मिल में कम पहुंच रहा गन्ना, धीमी गति से हो रही पेराई
क्षेत्र में हो रही बरसात के कारण चीनी मिल में किसान कम गन्ना लेकर पहुंच रहे हैं। मिल में बीते एक सप्ताह से 17 से 20 हजार क्विंटल गन्ना प्रतिदिन पहुंच रहा है। जबकि मिल की पेराई क्षमता करीब 25 हजार क्विंटल गन्ने की है। कम गन्ना पहुंचने पर मिल को धीमी गति से चलाया जा रहा है ।
शुगर मिल में पेराई सत्र के लिए गन्ने की उपलब्धता बनाए रखने के लिए 33 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई की हुई है। मिल की पेराई क्षमता 25 हजार क्विंटल प्रतिदिन है। मिल की पेराई क्षमता के आधार पर ही मिल प्रशासन द्वारा किसानों को पर्चियां जारी की जाती हैं। बीते कई दिनों से क्षेत्र में तेज बरसात हो रही है। बरसात के चलते गन्ने की कटाई का कार्य प्रभावित हो गया है। पर्चियां होने के बावजूद भी कम ही किसान गन्ना लेकर मिल में पहुंच रहे हैं।
किसान कृष्ण, संदीप, मुकेश, अशोक का कहना है कि बरसात के कारण खेतों में पानी भरा हुआ है। गन्ने से भरी ट्राली में वजन अधिक हो जाता है। अधिक वजन के कारण ट्राली मिट्टी में धंस जाती है। वहीं खेत में पानी भरा होने के कारण मजदूर भी गन्ने की कटाई नहीं करते हैं। इसका असर मिल में गन्ने की पेराई पर भी पड़ा है। मिल में गुरूवार को करीब 19600 क्विंटल गन्ना ही पहुंचा है। कम गन्ना आने पर मिल के इंजीनियरों ने मिल की गति को धीमा कर दिया है।
मिल में बािरश के कारण ट्रॉली खाली होने में लगते थे 2-3 िदन
मिल में अब गन्ने की आवक कम होने पर ट्रालियां चार से पांच घंटे में खाली हो जाती हैं। जबकि बरसात से पहले किसानों को ट्रालियां खाली कराने के लिए दो दिनों तक भी इंतजार करना पड़ता था। मिल में यार्ड में हर समय गन्ने से भरी ट्रालियां खड़ी रहती थी। अब यार्ड में एक भी गन्ने की ट्राली नहीं खड़ी है। मिल में जो भी किसान गन्ना लेकर पहुंचता है, उसकी ट्राली को खाली करने के लिए सीधे ही अंदर भेज दिया जाता है।
23 लाख क्विंटल गन्ने की हो चुकी है पेराई
शुगर मिल का पेराई सत्र दिसंबर माह में शुरू हुआ था। मिल में अब तक करीब 23 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई हो चुकी है। गन्ने की पेराई से 2.22 लाख क्विंटल चीनी का उत्पादन हुआ है। वहीं करीब 14.13 लाख यूनिट बिजली का उत्पादन हो चुका है। अधिकारियों के अनुसार बिजली का उत्पादन बीते वर्ष की अपेक्षा दो लाख यूनिट अधिक है।
मिल में गन्ने की आवक कम हो रही है। बरसात के कारण क्षेत्र में गन्ने की कटाई का कार्य बाधित हो गया है। आवक कम होने पर मिल की पेराई गति को भी धीमा कर दिया है। किसानों को गन्ना लेकर आने को कहा जा रहा है। सुभाष चंद्र, एमडी, शुगर मिल।
गोहाना. शुगर मिल में ट्राॅली से गन्ना डालते हुए।