- Hindi News
- National
- Kaithal News Haryana News Suspected Young Man Returned From Malaysia To Corona Built In Flu Hospital
मलेशिया से लौटा युवक कोरोना का संदिग्ध नागरिक अस्पताल में बनाया फ्लू कॉर्नर
कोरोना वायरस से संदिग्ध 29 वर्षीय युवक को जिला नागरिक अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। युवक के सैंपल के लेकर जांच के भगत फूल सिंह मेडिकल कॉलेज सोनीपत भेज दिए गए हैं। दो या तीन दिन के अंदर रिपोर्ट आ जाएगी| युवक 4 मार्च को मलेशिया में घूमने गया व 9 मार्च को वापस कैथल लौटा है। युवक को सर्दी, जुकाम, ठंड व सांस लेने में दिक्कत हो रही थी।
कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए अब जिला नागरिक अस्पताल में अलग से फ्लू कॉर्नर बनाया गया है। सामान्य खांसी व जुकाम के मरीजों की जांच शनिवार से यहीं पर की गई। अस्पताल के मुख्य द्वार पर ही ये कॉर्नर बनाया गया है और बाहर बड़ा बैनर भी लगाया गया है, ताकि मरीज आसानी से पहुंच सकें। फ्लू कॉर्नर बनाने का उद्देश्य खांसी व जुकाम के मरीजों का भीड़ से अलग (आइसोलेट कर) इलाज करना है, क्योंकि खांसी व जुकाम ही कोरोना के प्रमुख लक्षणों में से हैं। दूसरा खांसने और छींकने से कोरोना संक्रमण फैलने की सबसे ज्यादा संभावनाएं हैं। अस्पताल में रोजाना करीब 200 से 250 मरीज सिर्फ खांसी व जुकाम की शिकायत लेकर पहुंचते हैं। अब मुख्य रजिस्ट्रेशन काउंटर पर खांसी व जुकाम की जांच के लिए रजिस्ट्रेशन नहीं होगा। ऐसे मरीजों का रजिस्ट्रार व इलाज फ्लू कॉर्नर में किया जाएगा।
जुकाम या बुखार होने पर डाॅक्टर की सलाह लें: डॉ. राकेश
सिविल सर्जन डाॅ. राकेश सहल ने बताया कि कोरोना वायरस से लड़ने के लिए जागरुकता ही सबसे बड़ा जरिया है। किसी से भी बात करते समय एक मीटर की दूरी बनाकर रखनी चाहिए, भीड़ भाड़ वाले क्षेत्र में जाने से बचना चाहिए, बाहर आने और जाने पर सेनिटाइजर या साबुन से हाथ अवश्य धोएं, खांसते या छींकते वक्त टिश्यू पेपर या रूमाल का प्रयोग करें, टिश्यू पेपर या रूमाल नहीं होने पर खांसने के लिए बाजू का प्रयोग करें, लगातार खांसी, जुकाम या बुखार रहने पर तुरंत डाॅक्टर से सलाह लें और जांच करवाएं।
काॅलेज बंद, प्रोग्राम रद्द
कोरोना के कारण अब तक पूरे जिले में 13 कॉलेज सहित दो यूनिवर्सिटी को सरकार के आदेश के बाद बंद कर दिया गया है। इसका सीधा असर करीब 8500 विद्यार्थियों की पढ़ाई पर भी पड़ा है। 15 मार्च को चंदाना गेट पर होने वाले राहगीरी कार्यक्रम को कोरोना वायरस से बचाव के चलते रद्द कर दिया गया है। इसके अलावा इसी महीने होने वाली कष्ट निवारण समिति की बैठक भी लगभग कैंसिल मानी जा रही है।
कोरोना से बचाव के लिए फ्लू कॉर्नर बनाया गया है, ताकि खांसी, जुकाम के मरीजों की जांच कर आइसोलेट किया जा सके। इसके जरिए संक्रमित मरीजों की पहचान करने में आसानी होगी। कॉर्नर में ओपीडी कार्ड बनने के साथ ही डाॅक्टर व स्टाफ मौजूद रहेगा।
डाॅ. ओम प्रकाश, प्रिंसिपल मेडिकल ऑफिसर, जिला नागरिक अस्पताल।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोरोना के प्रति जागरूक करने और किसी भी तरह की जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 9896317010 जारी किया गया। दो दिन पहले तक हेल्पलाइन पर चार से पांच फोन कॉल ही आ रहे थे, लेकिन शुक्रवार को से अचानक कॉल की संख्या बढ़ गई। शनिवार को दोपहर तक ही पूछताछ के लिए 20 से ज्यादा कॉल हेल्पलाइन नंबर पर हो चुकी थी।
मरीजों के साथ बढ़ने लगी कॉल की संख्या
कोरोना का संक्रमण पाए जाने पर अलग कर जांच व इलाज करने के लिए पूरे जिले में चार आइसोलेशन वार्ड बनाए गए हैं। इनमें कैथल व गुहला के सरकारी अस्पताल के साथ ही प्राइवेट अस्पताल सिग्नस व शाह में भी 10-10 बेड के वार्ड बनाए गए हैं। इसके अलावा जरूरत पडऩे पर शाह अस्पताल में चार वेंटीलेटर भी स्टैंड बाय पर रखे गए हैं।
पहले ही बनाए जा चुके हैं 4 आइसोलेशन वार्ड