- Hindi News
- National
- Sirsa News Haryana News Target To Provide Employment To Youth Through Skill Development Dushyant
युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से रोजगार उपलब्ध करवाना लक्ष्य : दुष्यंत
युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ कौशल विकास व परंपरागत हुनर के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना प्रदेश सरकार का लक्ष्य है। इसी दिशा में कदम बढ़ाते हुए जिला सिरसा के गांव पन्नीवाला मोटा में हरियाणा का पहला मॉडल स्किल सेंटर स्थापित किया गया है।
युवाओं को कोर्स पूरा होते ही रोजगार के अवसर भी उपलब्ध करवाए जाएंगे और भविष्य में इस दिशा में ओर तेजी से काम किया जाएगा। यह बात उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने सोमवार को गांव पन्नीवाला मोटा स्थित राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में स्थापित मॉडल स्किल सेंटर का उद्घाटन उपरांत उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कही। इससे पहले उप मुख्यमंत्री ने सेंटर में चलाए जाने वाले सभी कोर्स के क्लास रुम व लैब का गहनता से निरीक्षण करते हुए सेंटर संचालक से जानकारी ली। उप मुख्यमंत्री ने संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ युवाओं का कौशल विकास होना जरूरी है। कौशल विकास से ही रोजगार तक का सफर तय होगा।
प्रदेश सरकार का भी यही लक्ष्य है कि युवाओं का कौशल विकास कर उन्हें रोजगारपरक बनाया जाए। इसी कड़ी में पन्नीवाला मोटा गांव के राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रदेश का पहला मॉडल स्किल सैंटर है और यह केंद्र विश्व स्तरीय सुविधाओं से युक्त है। इस सेंटर में मुख्यत: चार कोर्सों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ-साथ खाने की सुविधा भी नि:शुल्क दी जाएगी। इस मॉडल स्किल सेंटर में शुरुआत में विभिन्न ट्रेड में 240 बच्चों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।
उद्योगों में रोजगार उपलब्ध करवाना उद्देश्य: राज नेहरु
श्री विश्वकर्मा कौशल विवि के उप कुलपति तथा हरियाणा कौशल विकास मिशन के निदेशक राज नेहरु ने कहा कि प्रदेश में यह एक ऐतिहासिक शुरुआत की गई है जिस से हरियाणा के युवाओं को न केवल रोजगार मिल सकेगा बल्कि वे अपने कौशल बलबूते से देश और प्रदेश का विकास होगा।
शिक्षा के साथ रोजगार का ज्ञान जरुरी: बिढ़ान
उपायुक्त रमेश चंद्र बिढ़ान ने कहा कि आज के समय में शिक्षा के साथ-साथ युवाओं को रोजगार परक ज्ञान होना भी जरुरी है। मॉडल कौशल विकास सेंटर उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की ओर से जिला को एक सौगात है। यह सेंटर युवाओं को हुनर देने का काम करेगा।
सेंटर में करवाए जाएंगे चार कोर्स
उन्होंने कहा कि मॉडल स्किल सेंटर में चार कोर्स करवाए जाएंगे, जिनमें क्राफ्ट बेकर, वेयर हाउस पैकर, सैंपलिंग टेलर व सहायक इलेक्ट्रिशियन शामिल हैं। इन सभी कोर्स में तीन से चार महीने के अवधि का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यहां से कोर्स पूरा करने उपरांत युवाओं को विभिन्न कंपनियों में रोजगार उपलब्ध होगा। कोर्स करने के बाद स्वयं का रोजगार भी स्थापित कर सकता है, इसके लिए प्रदेश सरकार की ओर से सहयोग किया जाएगा।
उद्घाटन करते एवं मंचासीन डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला।