- Hindi News
- National
- Kaithal News Haryana News The Car Was Stolen During Night Domination Why Do Police Worry About Insurance
नाइट डोमिनेशन के दौरान गाड़ी हुई थी चोरी, पुलिस बोली-चिंता क्यों करते हो इंश्योरेंस मिल जाएगा
जिस रात जिला पुलिस 70 प्रतिशत जवानों के साथ नाइट डोमिनेशन होने का दावा कर रही थी उसी समय पुलिस नाका से महज 200 मीटर की दूरी से चोरों ने लकड़ियाें से भरी गाड़ी चोरी कर ली। अाराेपियाें का 15 दिन बाद भी पुलिस को सुराग नहीं लगा है। पुलिस कार्रवाई करने की बजाए उसे ही धमका रही है। इसलिए सीएम विंडो पर शिकायत दी है। माता गेट कैथल निवासी जयभगवान ने बताया कि रेलवे रोड पर बड़ा डाकखाना के सामने उसकी दुकान है। 27 फरवरी को शाम 7 बजे उसने टाटा-407 गाड़ी में लकड़ी लोड करके दुकान के सामने खड़ी की थी। अगले दिन 28 फरवरी को तड़के 4 बजे वह दुकान पर पहुंचा तो गाड़ी चोरी मिली।
जयभगवान का आरोप है कि उसने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकलवाई तो तड़के दो बजकर आठ मिनट पर भगत सिंह चौक के पास से एक संदिग्ध गाड़ी आती दिखी। संदिग्ध गाड़ी गुजरी वहां पुलिस नाका भी था, ऐसे में संभव है कि पुलिस ने उस गाड़ी का नंबर नोट किया होगा। लेकिन पुलिस कोई सहयोग नहीं कर रही। पुलिस कहती है कि चिंता की बात नहीं, गाड़ी का बीमा क्लेम मिल जाएगा।
नाइट डोमिनेशन से अगले दिन जिला पुलिस ने एसपी शशांक कुमार सावन की तरफ से प्रैस नोट जारी कर दावा किया था कि जिला की 70 प्रतिशत पुलिस रात 10 से चार बजे तक सड़कों पर रही। दूसरी तरफ सिटी थाना एसएचओ प्रदीप कुमार ने कह रहे कि पुलिस नाका तो तड़के दो बजे तक ही था। संदिग्ध गाड़ी दो बजकर आठ मिनट पर गुजरी।