- Hindi News
- National
- Kalayat News Haryana News The Election Of The Chairman Of The Block Committee Today Police Will Be Posted
ब्लॉक समिति के चेयरमैन का चुनाव आज, पुलिस रहेगी तैनात
कलायत ब्लॉक समिति चेयरमैन परमवीर को हटाए जाने के बाद नए चेयरमैन बनाने के लिए 12 मार्च की तिथि निर्धारित की गई है। तारीख तय होने के बाद पक्ष व विपक्ष ब्लॉक समिति सदस्यों के सामने एकजुट रहना किसी चुनौती से कम नहीं है। चेयरमैन पद के दावेदार वार्ड 20 से ब्लाक समिति सदस्य राजेश मटौर व समिति सदस्य पूनम बाला चुनावी मैदान में हैं। प्रधान पद के दावेदार राजेश पिछले करीब 7 दिन से अपने समर्थक समिति सदस्यों को लेकर भ्रमण पर गए हैं और वहीं से सीधे मीटिंग में आने की उम्मीद है। वहीं महिला पूनम बाला भी अपना दावा मजबूत जता रही हैं।
17 दिसंबर को परमवीर को चेयरमैन पद से हटाया था : बता दें कि 17 दिसंबर 2019 को पूर्व प्रधान परमवीर को चेयरमैन पद से हटाए जाने के बाद चेयरमैन पद के लिए 12 मार्च की तिथि निर्धारित की गई है। चेयरमैन पद के दावेदार राजेश मटौर द्वारा लगातार चेयरमैन बनने का दावा किया जा रहा है लेकिन ब्लॉक समिति सदस्य पूनम बाला द्वारा अपने पत्ते नहीं खोले गए हैं। वह एक बात बार-बार दोहरा रही हैं कि उनके पास पार्षदों की संख्या तो पर्याप्त है लेकिन अगर राज्यमंत्री का आशीर्वाद उन्हें प्राप्त हुआ तो वह अपनी दावेदारी जरूर मजबूती से रखेंगे।
बाहरी व्यक्ति नहीं आ पाएगा
ब्लॉक समिति चेयरमैन पद के चुनाव को लेकर पुलिस भी पूरी सुरक्षा रखेगी। परमवीर को चेयरमैन पद से हटाए जाने की प्रक्रिया के दौरान भी डीएसपी विनोद शंकर व थाना प्रभारी विलाशा राम की देखरेख में उपमंडल कार्यालय में जाने आने वाले रास्ते पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। डीएसपी विनोद शंकर ने कहा कि ब्लॉक समिति चेयरमैन पद के चुनाव प्रक्रिया के दौरान समिति सदस्यों के अलावा किसी भी बाहरी व्यक्ति को कार्यालय में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।