- Hindi News
- National
- Dahina News Haryana News The Joys On The Festival Day Are Colorless Two Road Accidents On Dulhendi Father Son Delhi Police Personnel 5 Dead Including Ex Soldier
त्योहार के दिन खुशियां बेरंग; दुल्हेंडी पर दो सड़क हादसे... पिता-पुत्र, दिल्ली पुलिस के जवान, पूर्व सैनिक सहित 5 की मौत
{मरने वालों में 3 लोग महेंद्रगढ़ जिला के रहने वाले, बाकी दो पाली गोठड़ा व मूसेपुर के
होली (दुल्हेंडी) पर्व पर जिले में हुए दो सड़क हादसों ने चार परिवारों की खुशियां बेरंग कर दी। इन दुर्घटनाओं में पिता-पुत्र समेत 5 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में पूर्व सैनिक समेत दिल्ली पुलिस का भी एक जवान शामिल है। पहला हादसा दिन के समय रेवाड़ी-महेंद्रगढ़ रोड पर डहीना और भड़फ के बीच हुआ। इसमें आई-10 कार ने बाइक और स्कूटी को टक्कर मार दी। इस हादसे में चार लोगों की जान गई। दूसरा हादसा, देर शाम बेरली रोड पर बोडियाकमालपुर गांव के पास हुआ। इसमें पुलिस जवान की मौत हो गई। दोनों ही मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
पहले बाइक, फिर स्कूटी को मारी टक्कर
पुलिस ने बताया कि महेंद्रगढ़ के गांव रसूलपुर निवासी 22 वर्षीय संजय और उसके पिता 63 वर्षीय लालचंद बाइक पर गांव सीहा में होली पर आयोजित मेले में जा रहे थे। उसी समय पूर्व सैनिक गांव पाली गोठड़ा निवासी कैलाश और उनका साला महावीर स्कूटी पर सवार होकर उसी रोड से गुजर रहे थे। डहीना और भड़फ के बीच में एक आई-10 कार ने पहले बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में संजय और लालचंद घायल हो गए। इसके तुरंत बाद उसी जगह कार ने स्कूटी को भी टक्कर मारी। इसमें कैलाश और महावीर भी घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पतालों में ले जाया गया, जहां संजय, कैलाश और महावीर को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि देर शाम लालचंद ने भी दम तोड़ दिया।
3 माह पहले ही हुई थी संजय की शादी : सड़क दुर्घटना में पिता-पुत्र की मौत के बाद गांव रसूलपुर में मातम छा गया। ग्रामीणों ने बताया कि लालचंद फौज से रिटायर्ड था तथा एक अच्छा धावक भी था। जबकि संजय एक निजी कंपनी में काम करता था। उसकी दिसंबर माह में ही शादी हुई थी। अचानक ही हादसे में पिता-पुत्र की जान चली जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
चालक पर केस दर्ज : डहीना चौकी से एएसआई दिनेश कुमार ने बताया कि कार के नंबर दिल्ली के हैं, उसके चालक का अभी तक पता नहीं लग पाया है। फिलहाल चालक पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
गांव से शहर में घर पर आ रहा था एएसआई
पुलिस ने बताया कि गांव मूसेपुर निवासी नरेश कुमार दिल्ली पुलिस में बतौर एएसआई कार्यरत थे। मंगलवार को दुल्हेंडी के दिन नरेश कुमार बाइक पर सवार होकर मूसेपुर से रेवाड़ी सनसिटी स्थित मकान पर आ रहे थे। रात करीब 8.30 बजे जैसे ही बोडियाकमालपुर पहुंचे तो रेवाड़ी की तरफ से आ रही एक बोलेरो गाड़ी ने बाइक को सीधी टक्कर मार दी। हादसे में नरेश कुमार घायल हो गए। गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के भतीजे सुनील कुमार की शिकायत पर केस दर्ज किया है।
मृतक संजय।
{रेवाड़ी-महेंद्रगढ़ रोड पर डहीना के पास हादसे में कार, बाइक व स्कूटी की टक्कर
{बेरली रोड पर बोडियाकमालपुर के निकट बोलेरो गाड़ी ने बाइक को टक्कर मारी
रेवाड़ी में डहीना के पास दुर्घटना में क्षतिग्रस्त कार व जमा लोग।
मृतक लालचंद।
मृतक कैलाश।