- Hindi News
- National
- Yamunanagar News Haryana News The Link Between The Broken Relationship Due To Husband39s Intoxication
पति के नशा करने पर टूट रही रिश्तों की कड़ी
समाज में लंबे समय से लड़कों की संख्या लड़कियाें से कम है क्योंकि बहुत से परिवार बेटे की चाह में बेटी को जन्म ही नहीं लेने देना चाहते थे। लड़कियाें की संख्या कम होने पर फिर ऐसे परिवारों को बेटे का रिश्ता करते समय दूसरों के आगे गिड़गिड़ाना पड़ता है।
तब कहते हैं कि उनका बेटा कोई नशा नहीं करता और अच्छा कमाता है। झूठ की नींव पर रिश्ता तो बना लेते हैं, लेकिन वह ज्यादा दिन तक नहीं चल पाता।
शादी के बाद उसकी पूरी सच्चाई सामने आ जाती है और फिर यहीं से शुरू होती है रिश्तों के टूटने की शुरुआत। इन दिनों थानों में कुछ ऐसे ही मामले पहुंच रहे हैं। शादी से पहले लड़के वाले कहते हैं कि बेटा नशा नहीं करता, लेकिन बाद में पता चलता है कि ऐसा कोई नशा नहीं जो वह नहीं करता। नशा करने से वह काम नहीं कर पाता और फिर प|ी को कहता है कि मायके से पैसे लेकर आ। जब यह डिमांड वह शुरू करता है तो फिर मामले थाने और पंचायतों तक पहुंच जाते हैं। दो दिन
पहले पुलिस ने ऐसे ही दो केस
दर्ज किया जिसमें विवाहिता को शादी से पहले बताया गया था कि उसका पति शराब नहीं पीता, लेकिन बाद में पता चला कि वे तो नशा करते हैं।
शादी के तीसरे दिन ही शराब पीकर आया और पीटा ः विशाल नगर निवासी महिला ने पुलिस को शिकायत दी है कि उसकी शादी अक्टूबर 2019 में हुई थी।
यह उसकी और उसके पति की दूसरी शादी थी। जब रिश्ते की बात चली तो ससुराल वालों ने कहा था कि उनका बेटा कोई नशा नहीं करता। शादी के तीसरे दिन
ही उसका पति शराब पीकर आ गया और उसके साथ मारपीट करने लगा। कहने लगा कि दहेज में सामान कम दिया है। तब उसने अपने ससुराल वालों को कहा कि अभी शादी को तीन दिन ही हुए हैं और उसका पति शराब पीकर आया है जबकि शादी से पहले कहा था कि वह शराब नहीं पीता।
इसके बाद भी उसका पति शराब पीकर घर आता रहा और उसके साथ मारपीट करता रहा लेकिन वह सब सहती रही। महिला का आरोप है कि रात को वह अपने मायके वालों से फोन पर बात कर रही थी। तभी उसके पति ने उससे मोबाइल छीनकर बोला कि अपने मायके वालों को पैसे देने के लिए बोल। उसने जब यह बात नहीं बोली, उससे मारपीट शुरू कर दी। तब उसने पुलिस को फोन किया तो पुलिस के आने पर उसके पति ने माफी मांग ली। लेकिन बाद में फिर से शराब पीकर आया और मारपीट की। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।
शादी के बाद पता चला पति हर प्रकार का नशा करता है
जवाहर नगर निवासी महिला ने पुलिस को शिकायत दी कि उसकी शादी मई 2019 को हुई थी। शादी से पहले कहा गया कि उसका पति नशा नहीं करता, लेकिन शादी के बाद पता चला कि वह हर प्रकार का नशा करता है। शादी के कुछ दिन बाद ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। उसका पति कहता था कि वह अपने मायके से बाइक लेकर आ या फिर 70 हजार रुपए। वहीं धमकी देते थे कि वे उसे मार देंगे और उसकी मौत का एक्सीडेंट करा देंगे। वहीं ससुराल वाले उस पर शक करते थे कि उसके पास दूसरे लड़कों के फोन आते हैं। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसकी सास के किसी और के साथ अवैध संबंध हैं। उसने उन्हें एक कमरे में देखा था और धमकी दी कि यह किसी को बताया तो उसे जान से मार देंगे। उसका दहेज का सामान भी उन्होंने कब्जे में ले लिया है। इस मामले में भी पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।