- Hindi News
- National
- Kund News Haryana News The Miscreants Looted The Bike By Attacking The Young Man Talking On The Roadside With A Knife
सड़क किनारे मोबाइल पर बात कर रहे युवक पर चाकू से हमला करके बदमाशों ने लूटी बाइक
रेवाड़ी | नारनौल रोड पर पाली गांव के समीप बुधवार की रात को दो बदमाश बाइक लेकर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक चालक पर चाकू से हमला करके बाइक लूट ले गए। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। घटना के संबंध में खोल थाना पुलिस ने लूट का केस दर्ज कर लिया है।
राजस्थान के जिला झुंझुनूं के गांव गुढ़ा निवासी 30 वर्षीय धर्मेंद्र सिंह गुड़गांव के बिलासपुर स्थित ट्रांसपोर्ट कंपनी में बतौर चालक लगा हुआ है। बुधवार की शाम को धर्मेंद्र सिंह अपनी बाइक से बिलासपुर जा रहा था। रात को जब वह पाली गांव के समीप पहुंचा तभी उसके फोन पर काॅल अा गई। कॉल अटैंड कर जब वह बाइक खड़ी करके मोबाइल पर बात करने लगा, उसी दौरान दो युवक वहां पर पहुंचे और उन्होंने धर्मेंद्र को धमकाते हुए पास मौजूद पैसे उनके हवाले करने को कहा, जिसके बाद उन्होंने विरोध किया। विरोध के दौरान बदमाश उससे हाथापाई करने लगे जिसके बाद एक ने धर्मेंद्र के शरीर पर दो-तीन बार चाकू से हमला कर दिया। हमले के बाद वह घायल हो गया अौर दोनों बदमाश उसकी बाइक लेकर फरार हो गए। इसी बीच वहां से कुछ दूरी पर एक होटल था वहां के लोगों ने देखा तो वे मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद कुंड पुलिस चौकी से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और घायल को शहर के ट्राॅमा सेंटर में दाखिल कराया। पुलिस ने बताया कि घायल युवक की हालत स्थिर है और उसके परिजन उसे अपने घर ले गए। धर्मेंद्र के बयान पर पुलिस ने केस दर्ज करके बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।