- Hindi News
- National
- Kosli News Haryana News The Railway Team Will Inspect Stations From Tomorrow Complain Of Poor Passenger Arrangements And Make Suggestions For Good
रेलवे की टीम कल से करेगी स्टेशनों का निरीक्षण, यात्री खराब व्यवस्था की शिकायत और अच्छे के लिए सुझाव दें
रेल मंत्रालय ने 15 से 24 मार्च तक का कार्यक्रम जारी किया, कल ही टीम रेवाड़ी आएगी
रेल में सफर करने वाले यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं का आंकलन करने के लिए रेल मंत्रालय की यात्री सुविधा समिति (पीएसी) की टीम 8 दिन तक दो मंडलों जयपुर व बीकानेर के स्टेशनों का दौरा करेगी। यह टीम रेलवे स्टेशन, ट्रेनों में यात्रियों के लिए प्रदत सुविधाओं का निरीक्षण करेगी। इसमें यात्री स्टेशनों पर मिलने वाली समस्याओं की शिकायत कर सकते हैं तथा बेहतर कैसे हो इसके सुझाव भी दें। यात्रियों से मिली शिकायतों के समाधान के लिए यह टीम दोनों मंडलों के डीआरएम के साथ-साथ रेलवे के जीएम (महाप्रबंधक) से भी मुलाकात करेगी। टीम में पीएसी सदस्य एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता वीर कुमार यादव मुख्य रूप से शामिल रहेंगे। उन्होंने बताया कि सबसे रेवाड़ी और कोसली रेलवे स्टेशनों के निरीक्षण से दौरे की शुरूआत होगी।
शेडूयल के मुताबिक यात्री सुविधा समिति की टीम 15 मार्च को रेवाड़ी पहुंचेगी जबकि अगले दिन 16 मार्च को यह टीम रेवाडी, डहीना, जैनाबाद, जाटूसाना व कोसली रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण करेगी। 17 मार्च को रेवाड़ी से चलकर बावल, खैरथल और अलवर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण होगा। 18 मार्च को अलवर से चलकर राजगढ, बांदीकुई और दोसा रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण करते हुए जयपुर पहुंचेगी। 19 मार्च को टीम द्वारा जयपुर और गांधीनगर रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया जाएगा। इसी दिन जयपुर में पीएसी टीम की रेलवे महाप्रबंधक व अन्य रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक होगी। 20 मार्च को जयपुर से रिगस के अलावा सीकर, 21 मार्च को लक्ष्मणगढ, फतेहपुर शेखावटी और चूरू, 22 को रतनगढ़ व श्रीदूनारगढ, 23 को बीकानेर रेलवे स्टेशन का अधिकारियों के साथ दौरा करेगी। बीकानेर में रात्रि ठहराव के साथ ही डिवीजन के डीआरएम के साथ टीम बैठक करेगी।
सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्था भी जांचेगी टीम : वीर कुमार
पीएसी सदस्य वीर कुमार यादव का कहना है कि उनकी टीम स्टेशनों पर स्वच्छता, पेयजल, शौचालयों की स्थिति, शेड की व्यवस्था, एस्केटेलर, टिकट खिड़की, ट्रेनों की सफाई व्यवस्था, पंखों की व्यवस्था, दिव्यांगों के लिए व्हील चेयर, गाडियों की समय सारिणी, खान-पान की जांच करती है। इसके अलावा सीसीटीवी, कानून व्यवस्था की भी जांच करेंगे।