- Hindi News
- National
- Narwana News Haryana News The Villagers Of Sandil Protested In Order To Solve The Problem Of Contaminated Water
दूषित पानी की समस्या के समाधान के लिए संडील के ग्रामीणों ने किया मटका फोड़ प्रदर्शन
संडील गांव के लोगों ने गुरुवार को जन स्वास्थ्य विभाग के प्रांगण में पीने के पानी की समस्या को लेकर मटका फोड़ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा कि सरकार हर घर जल पहुंचाने के दावे करती है, लेकिन हम लोग पिछले एक साल से पीने के पानी के लिए तरस रहे हैं, जबकि विभाग के अधिकारी बार-बार शिकायत देने के बाद भी हमें झूठे आश्वासन देते रहते हैं। हम लोग पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं।
ग्रामीण बलजीत, मूर्ति, पूनम, शीला, राजपती ने बताया कि पानी की समस्या को लेकर वे पिछले एक वर्ष से अधिकारियों के सामने गिड़गिड़ा रहे हैं, लेकिन अधिकारी खानापूर्ति करके अपनी जिम्मेदारी निभा देते हैं। ग्रामीणों ने कहा कि गांव में जो पाइप लाइन विभाग द्वारा डाली गई है। उससे अधिकतर क्षेत्र में पानी नहीं पहुंच पाता। यही नहीं विभाग द्वारा गांव में पानी की सप्लाई देने के लिए दो बोर लगाए जाने थे, लेकिन सिर्फ एक ही बोर लगाया गया है और उसमें भी बहुत की कम व दूषित पानी आता है। इस कारण पूरे गांव में पीने के पानी की पूर्ति नहीं हो पाती। वहीं माइनर से लेने के लिए लगाई गई पाइप लाइन भी जर्जर है, जबकि विभाग द्वारा कुछ ही दिन पहले इस पाइप लाइन की मरम्मत करवाई थी, लेकिन पानी जलघर आने की बजाय रास्ते में ही रीस जाता है। ग्रामीणों ने मांग है कि विभाग उनके पीने का पानी मुहैया करवाए।
जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान सीएम के सामने रखी थी समस्या
ग्रामीणों ने बताया कि जब मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश में जन आशीर्वाद यात्रा निकाली थी तो ग्रामीणों ने धरना दिया था। जब सीएम गांव में पहुंचे थे, उनके सामने भी यह समस्या रखी थी। उसी समय एक्सईएन ने सीएम के सामने आश्वासन दिया था कि इस समस्या का समाधान तुरंत प्रभाव से करवा दिया जाएगा, लेकिन वह तुंरत प्रभाव अभी तक नहीं हुआ।
पाइप लीक होगा तो कराएंगे ठीक
जनस्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन हरभजन सिंह ने कहा कि ग्रामीणों की इस समस्या का समाधान जल्द करवाया जाएगा। बोर को ठीक करवाया जाएगा। मेन पाइप लाइन लीक है तो उसे ठीक करवाया जाएगा ताकि जलघर में माईनर से पूरा पानी पहुंच सके। उन्होंने कहा कि जलघर में कोई उपकरण काम नहीं कर रहा है तो उसको भी सुचारू करवाकर ग्रामीणों को पीने का पानी मुहैया करवाया जाएगा।
नरवाना. मटका फोड़ प्रदर्शन करतीं संडील गांव की महिलाएं।