- Hindi News
- National
- Karnal News Haryana News There Is No Case Of Corona In Karnal Caution And Vigilance Can Be Avoided
करनाल में कोरोना का नहीं कोई मामला, सावधानी और सजगता ही इसका बचाव
डीसी निशांत कुमार यादव ने जिले के लोगों से कहा कि कोरोना वायरस से किसी को भी घबराने की जरूरत नहीं है, बल्कि सावधानी और बचाव ही इसका इलाज है। फिर भी यदि किसी व्यक्ति में कोरोना के लक्षण दिखाई दें तो इसकी सूचना जिला नागरिक अस्पताल या कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज में अवश्य दें। ताकि ऐसे व्यक्ति की जांच की जा सके और संक्रमण की पुष्टि की जा सके। डीसी गुरुवार को लघु सचिवालय में इस विषय पर आयोजित बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ रूबरू थे। बैठक में सिविल सर्जन डाॅ. अश्वनी आहुजा भी उपस्थित रहे।
सिविल सर्जन डाॅ. अश्वनी आहुजा ने बताया कि जिला नागरिक अस्पताल व कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज में आईसोलेटेड यानि अलग से वार्ड बनाए गए हैं। अब तक बाहर से एयरपोर्ट के जरिए 17 यात्री करनाल आए थे। उनमें से 4 के सैंपल लेकर लैबोरेट्री में टेस्ट करवाए गए जो सभी निगेटिव पाए गए। सैंपल टेस्ट करवाने की सुविधा पीजीआई रोहतक और मेडिकल कॉलेज खानपुर में उपलब्ध है। दोनों अस्पतालों में वेंटीलेटर की सुविधाएं भी उपलब्ध है।
क्या करें: बैठक में बताया गया कि अपनी व्यक्तिगत स्वच्छता पर ध्यान दें। साबुन से लगातार हाथ धोते रहें। छींकने और खांसने के दौरान अपना मुंह ढकें। भीड़-भाड़ वाले स्थान पर एक व्यक्ति, दूसरे से दूरी बनाएं रखें। अस्वस्थ महसूस होने पर डाॅक्टर से मिलें। किसी भी व्यक्ति में कोरोना के लक्षण या संक्रमण दिखाई दे तो उसकी सूचना के लिए हेल्पलाइन नंबर 108 तथा ट्रामा सेंटर के नंबर 0184-4076099 पर संपर्क करें।
क्या न करें : खांसी और बुखार हो तो किसी के संपर्क में न आएं। सार्वजनिक स्थानों पर ना थूकें। कच्चे अधपके मांस के सेवन से बचें। जानवरों के वध किए जाने वाले स्थानों पर न जाएं। झाड़-फूंक के चक्कर में न पड़ें।
क्या हंै कोरोना के लक्षण
खांसी बुखार व सांस लेने में तकलीफ के लक्षण पाए जाने पर किसी को भी लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। बल्कि तुरंत नजदीकी डॉक्टर से संपर्क करें।