- Hindi News
- National
- Kaithal News Haryana News Three Accused Of Stealing Oil From Transformer Arrested 95 Liter Oil Also Recovered
ट्रांसफार्मर से तेल चुराने के तीन आरोपी गिरफ्तार, 95 लीटर तेल भी बरामद किया
गांव बरटा में खेतों से चार बिजली ट्रांसफार्मर से तेल चुराने के मामले में सीआईए-2 पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर 95 लीटर तेल भी बरामद किया गया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि प्रभारी सब इंस्पेक्टर सत्यवान की अगुवाई में सहायक उपनिरीक्षक रामबीर की टीम द्वारा आरोपी कुलदीप, कुलदीप उर्फ विक्की तथा लाजपत तीनों निवासी मानस को गिरफ्तार कर एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया था। आरोपियों ने 14 फरवरी को ट्रांसफार्मर से तेल चुराया था। मामले में गांव निवासी देवकी, कृष्ण, हरीराम व कैलाशपुरी ने सदर थाना में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया था। बता दें कि आरोपियों को 27 फरवरी को नाइट डोमिनेशन के दौरान थाना सदर पुलिस के एचसी रणबीर सिंह की टीम द्वारा नाकाबंदी के दौरान गुहणा मोड पाडला से होंडा गाड़ी व 120 लीटर ट्रांसफार्मर तेल के साथ काबू किया था। सीआईए-2 पुलिस ने अदालत के द्वारा आरोपियों के प्रोटेक्शन वारंट जारी करवाए थे। उसके बाद आरोपियों की निशानदेही पर ड्रेन धनौरी तथा मानस के खेतों से चार प्लास्टिक कैनी से 95 लीटर चोरीशुदा तेल बरामद किया गया। शुक्रवार को आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
कैथल | पुलिस गिरफ्त में बिजली ट्रांसफार्मर से तेल चुराने वाले आरोपी।