- Hindi News
- National
- Yamunanagar News Haryana News Traders Tear Apart After Removing Torn Market
फड़ी बाजार हटाने पर व्यापारी दो फाड़
जगाधरी में कई वर्षों से रविवार के दिन लगते आ रहे फड़ी बाजार को हटाने के मामला तूल पकड़ गया। बीते सप्ताह व्यापारियों की मांग पर पुलिस ने फड़ी बाजार हटवाया। बावजूद इसके रविवार को दोबारा लगे बाजार पर नगर निगम अफसरों ने कार्रवाई की लेकिन इसके विरोध में व्यापारियों का दूसरा पक्ष भी सामने आ गया। दोनों पक्षों के आमने-सामने होने पर बीच बाजार बहस हो गई। दरअसल, व्यापार के नुकसान, सड़कों के जाम से परेशान एक पक्ष की फड़ी बाजार को जगाधरी से बाहर करने की मांग पर अड़ा है। विरोध में आए दूसरे पक्ष की मानें तो यहां सोमवार से शनिवार स्थानीय व्यापारी काम करते हैं, जो रविवार को दुकाने बंद रखते हैं। तब यहां एक दिन फड़ीवालों को भी रोजगार का हक है। रविवार को व्यापरियों के साथ चलकर नगर निगम के सेनेटरी इंस्पेक्टर अमित कांबोज की टीम ने चौक बाजार, खेड़ा बाजार, देवीभवन बाजार, गोपाल नगर, मटका चौक, श्मशान घाट रोड, तेजली गेट, इंदिरा कॉलोनी, शर्मा टेंट हाउस, पंसारी बाजार, सब्जी मंडी में फड़ी बाजार हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान फड़ी लगाने वालों को ऐसा न करने बारे भी समझाया गया। इसी तरह पिछले सप्ताह भी व्यापारियों ने पुलिस बल की मदद से कार्रवाई की थीं। कार्रवाई के पक्ष कर रहे व्यापारियों में आशीष मित्तल का कहना है कि फड़ी बाजार से जगाधरी के व्यापारियों को लाखों रुपए का नुकसान हो रहा है। रविवार को दोबारा होने पर विरोध में उतरे व्यापारियों के दूसरे पक्ष से अनिल प्रजापति ने कहा कि फड़ीवालों को बाहर का बताकर कार्रवाई करना गलत है। अगर इन्हें हटाना भी है तो व्यापारी नहीं बल्कि प्रशासन हटाए और कहीं और जगह उपलब्ध कराए। आरोप है कि यह कार्रवाई लोग खुद डर दिखाकर कर रहे हैं। अगर ऐसा ही रहा, तब वह चौक पर सीएम का पुतला फूंक खुद आत्मदाह कर लेंगे।
यमुनानगर|लोगों को समझाते निगम अफसर।