कार सवार दो युवकों पर किया हमला, एक की मौत
लाडवा-यमुनानगर मार्ग पर गांव बड़शामी मोड़ से आगे एक कार में सवार दो युवकों पर कार सवार कई युवकों ने हमला कर दिया। इसमें एक युवक की मौत हो गई। वहीं दूसरा घायल हो गया। दुर्घटना में घायलों की पहचान राजेश कुमार निवासी घिलौर माजरी व रविंद्र कुमार निवासी धनौरा जाटान लाडवा के रूप में हुई।
गंभीर हालत के चलते राजेश कुमार को कुरुक्षेत्र के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस को दिए बयान में घायल रविंद्र ने बताया कि वह अपने दोस्त राजेश के साथ उसकी कार में सवार होकर रविवार रात गुमथला रादौर से करीब 10 बजे वापस लाडवा आ रहे थे। वह गुमथला राजेश के रिश्तेदार शिबू से मिलने गए थे। वापसी में उसके पीछे दो कारें लग गई। गांव खुर्दबन धनौरा के पास एक इनोवा कार ने उनकी कार को पीछे से टक्कर मारी। टक्कर लगने के बाद उन्होंने अपनी कार को लाडवा की तरफ लेकर चल पड़े। जब वे लाडवा-पिपली मार्ग पर एक होटल के पास पहुंचे तो पीछे से इनोवा ने कार को टक्कर मारी।
टक्कर लगने से उनकी कार सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। इसपर दोनों गाड़ियों से करीब 10 युवक उतरे। इसमें अनेज दामला, सोनू दामला, विनय गढ़ बहादुर और कल्लू सहित कई युवक थे। इन सभी ने डंडों, बिंडों से राजेश पर हमला बोल दिया और इसके बाद युवक अपनी गाडिय़ों में सवार होकर फरार हो गए। रविंद्र के बयानों के आधार पर लाडवा पुलिस ने मारपीट कर हत्या करने के आरोप में चार युवकों के नाम सहित और अन्य के नाम केस दर्ज कर लिया है। मृतक राजेश का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। मामले की जांच अधिकारी मूलचंद को सौंपी गई है।